मधुपुर: शहर समेत ग्रामीण इलाकों में चरमराई विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से अनुमंडल क्षेत्र के पाथरोल चौक के समीप झामुमो कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय भूख हड़ताल किया. मधुपुर व करौं प्रखंड इकाई के पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाथरोल को पूर्ण रूप से बिजली आपूर्ति किये जाने की बात कही. भूख हड़ताल में करौं प्रखंड अध्यक्ष गुलाम अशरफ उर्फ राजू भी थे.
जिनका समर्थन पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया. हड़ताल का नेतृत्व कर रहे झामुमो जिला प्रवक्ता अबू तालिब अंसारी ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा पूर्व से ही पाथरोल को शहर के पावर सेक्शन से जोड़े रखा है, अब विभाग इसे काट कर अलग करना चाहती है. इसका विरोध पार्टी करेगी. उन्होंने कहा कि जब तक शहर और ग्रामीण इलाकों को नियमित और आवश्यकतानुरूप बिजली आपूर्ति नहीं होती है तब तक पाथरोल को शहर से अलग नहीं करने दिया जायेगा.
वहीं करौं प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि पाथरोल धर्मस्थली के रूप में जाना जाता है. यहां दूर-दराज से भक्त पूजन के लिए आते हैं. ऐसे में पाथरोल को अंधेरा रखने की साजिश नहीं चलेगी.विभाग नहीं सुधरती है तो झामुमो आंदोलन को और भी तेज करेगी. इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष दिनेश्वर किस्कू, सुरेश चौधरी, महादेव राउत, सेराजउद्दीन शेख, कासिम शेख, मो मोरीब, रंजीत शर्मा, इकरामुल हक, अख्तर शेख आदि थे.
