बाबा बैद्यनाथ मंदिर देश का तीसरा आइकॉनिक मंदिर

देवघर : स्वच्छ भारत मिशन के तहत देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर को स्वच्छ आइकॉनिक मंदिर के रूप में देश भर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है. सभी द्वादश ज्योतिर्लिंगों के अलावा देवघर भर के कुल 30 मंदिरों में बाबा मंदिर ने यह स्थान प्राप्त किया है. यह जानकारी डीसी सह मंदिर प्रशासक राहुल कुमार […]

देवघर : स्वच्छ भारत मिशन के तहत देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर को स्वच्छ आइकॉनिक मंदिर के रूप में देश भर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है. सभी द्वादश ज्योतिर्लिंगों के अलावा देवघर भर के कुल 30 मंदिरों में बाबा मंदिर ने यह स्थान प्राप्त किया है. यह जानकारी डीसी सह मंदिर प्रशासक राहुल कुमार सिन्हा ने बाबा मंदिर में आयोजित प्रेसवार्ता में दी.
उन्होंने बताया कि दो अक्तूबर को दिल्ली भारती भवन में बाबा मंदिर को अवार्ड दिया जायेगा. अवार्ड लेने एक अक्तूबर को देवघर से किसी को भेजा जायेगा, जिनका नाम अभी तय नहीं किया गया है. वहीं देश भर में महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन को प्रथम स्थान व सोमनाथ मंदिर को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है.
इस चयन के बाद द्वादशलिंग का विवाद हुआ खत्म : डीसी ने बताया : केंद्र सरकार के निर्णय से द्वादश ज्योतिर्लिंग में बाबा मंदिर को लेकर चल रहा विवाद भी समाप्त हो गया है, क्योंकि केंद्र सरकार ने 12 ज्योतिर्लिंगों में परली वैद्यनाथ को स्थान नहीं दिया है. इसमें कुल 30 मंदिरों का चयन हुआ था. इसमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, साफ-सफाई, फंड यूटिलाइज्ड व मंदिर विकास कार्य को पैमाना रखा गया था.
सॉलिड वेस्ड मैनेजमेंट से बाबा मंदिर को लाभ हुआ है. इससे अधिक अंक मिले हैं. एक सवाल के जवाब में कहा : बाबा मंदिर को सफाई में मिले अंकों की जानकारी नहीं है. अवार्ड में नकद राशि है या नहीं, इसकी भी जानकारी नहीं मिली है. इस अवसर पर सहायक मंदिर प्रभारी डाॅ सुनील तिवारी, आनंद तिवारी, दीपक मालवीय आदि मौजूद थे.
बाबा बैद्यनाथ मंदिर की व्यवस्था से लेकर स्वच्छता पर सरकार पूरी तरह गंभीर है. मुख्यमंत्री रघुवर दास स्वयं बाबा मंदिर की व्यवस्था की चर्चा उनसे करते रहते हैं, ताकि श्रद्धालु एक सुखद अनुभव प्राप्त कर देवघर लौटे. सरकार की व्यवस्था के साथ-साथ स्थानीय तीर्थ पुरोहितों व नागरिकों के सहयोग से बाबा बैद्यनाथ मंदिर देश का तीसरा स्वच्छ मंदिर में शामिल हुआ. आने वाले समय में बाबा मंदिर स्वच्छता में एक नंबर की श्रेणी में भी शामिल होगा.
– नारायण दास, विधायक, देवघर
केंद्र सरकार ने माना : बाबा बैद्यनाथ मंदिर ही द्वादश ज्योतिर्लिंग, परली वैद्यनाथ नहीं
दो अक्तूबर को दिल्ली के भारती भवन में मिलेगा अवार्ड
महाकालेश्वर उज्जैन प्रथम व सोमनाथ मंदिर को द्वितीय स्थान
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सफाई व विकास कार्य था पैमाना
वर्मी कम्पोस्ट की एक और मशीन लगेगी
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रांची. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय द्वारा स्वच्छता के लिए दो अक्तूबर 2018 को देवघर और हजारीबाग जिला को प्राप्त होने वाले सम्मान के लिए बधाई देते हुए कहा है कि प्रगति की ओर बढ़ते झारखंड के लिए यह एक उत्साहवर्द्धक पड़ाव है. ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई स्वच्छ भारत योजना के तहत इस वर्ष देश के 30 स्वच्छ आईकाॅनिक प्लेस का चयन किया गया है. देवघर (झारखंड) स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर को देश के सबसे स्वच्छ आईकाॅनिक प्लेस में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >