दो की मौत के बाद भी विभाग गंभीर नहीं

देवघर : मोहनपुर प्रखंड के झिल्लीघाट गांव में 15 दिनों के अंदर डायरिया से दो लोगों की मौत हो चुकी है. इसके बाद से गांव के लोग डरे-सहमे हैं. इसे स्वास्थ्य विभाग ने अबतक गंभीरता से नहीं लिया है. गांव में कैंप के नाम से एक दिन खानापूर्ति कर स्वास्थ्य विभाग की टीम लौट गयी. […]

देवघर : मोहनपुर प्रखंड के झिल्लीघाट गांव में 15 दिनों के अंदर डायरिया से दो लोगों की मौत हो चुकी है. इसके बाद से गांव के लोग डरे-सहमे हैं. इसे स्वास्थ्य विभाग ने अबतक गंभीरता से नहीं लिया है. गांव में कैंप के नाम से एक दिन खानापूर्ति कर स्वास्थ्य विभाग की टीम लौट गयी. इसके बाद दोबारा टीम गांव में देखने तक नहीं गयी. शनिवार को डायरिया से दिना मिर्धा की मौत के बाद विभाग के अधिकारी मृतक के घर पहुंचे और इलाज के दौरान अस्पताल में भर्ती किये गये कागजातों को देख कर वापस लौट आये. दो लोगों की माैत से गांव के लोग डरे-सहमे हुए हैं.
डायरिया रिस्पांस टीम नहीं दिखायी गंभीरता : स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी सीएचसी, पीएचीसी व अनुमंडल अस्पताल में डायरिया रिस्पांस टीम का गठन किया गया है. बावजूद डायरिया का प्रकोप नहीं थम रहा है. यदि टीम झिल्लीघाट गांव में डायरिया फैलने की घटना को गंभीरता से लेती, तो गांव में दो लोगों की मौत नहीं होती. गांव में साफ- सफाई भी सही से नहीं करायी गयी है.
हर साल सहिया को स्वच्छता के नाम पर मिलते हैं 10 हजार
झिल्लीघाट गांव में सफाई के नाम पर गंदगी पसरी हुई है. गांव के हरेक चापानल के समीप गंदगी फैली है. इससे डायरिया व मलेरिया होने की संभावना बनी हुई है. गांव के लाेगों का कहना है कि गांव में कभी न तो सफाई होती है और न ब्लीचिंग का छिड़काव किया जाता है. बताते चले कि गांव में साफ-सफाई के नाम स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनटायड फंड के तहत सहिया को प्रत्येक वर्ष 10 हजार रुपये दिये जाते हैं.
सदर अस्पताल में आठ डायरिया मरीज भर्ती
देवघर. सदर अस्पताल में भी डायरिया मरीजों की संख्या लगातार बढ़त रही है. पिछले दो दिनों में आठ डायरिया मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी को अस्पताल के ऑन ड्यूटी डॉक्टरों ने डिहाइड्रेशन, उल्टी व दस्त की शिकायत पर भर्ती किया गया है. ये मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र व बांका जिला के कटोरिया के रहनेवाले हैं. जिनमें दिनेश यादव, राबडी देवी, टिनियां देवी, बुधू हेम्ब्रम, गणेश कुमार, महिषासुर, सहजा देवी, रासी सिंह शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >