मधुपुर : ऑल इंडिया लायर्स यूनियन झारखंड राज्य कमेटी की ओर से संवैधानिक अधिकारों व न्यायपालिका विषयक पर सेमिनार का आयोजन राजबाड़ी रोड के एक होटल सभागार में किया गया. सेमिनार में झारखंड प्रांत के विभिन्न जिले के प्रतिनिधि समेत बंगाल शामिल हुए. समारोह की अध्यक्षता झारखंड कमेटी के अध्यक्ष एके हबीब ने की. कार्यक्रम का संचालन यूनियन के प्रांतीय सह सचिव धनंजय प्रसाद ने किया.
मुख्य वक्ता केंद्रीय कमेटी के महामंत्री सोमदत्त शर्मा ने कहा कि प्रजातंत्र में संविधान सर्वोपरि है. संविधान व प्रजातंत्र की रक्षा का दायित्व न्यायपालिका के ऊपर है. लेकिन मौजूदा सरकार द्वारा संवैधानिक व्यवस्था के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जो बिल्कुल गलत है.
सेमिनार में कमेटी के कोषाध्यक्ष जी चंकी राय, केंद्रीय उपाध्यक्ष व सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पीबी सुरेंद्र नाथ, बार काउंसिल के सदस्य एके रशीद ने भी सभा को संबोधित किया. कार्यक्रम के दूसरे सत्र में जोनल कमेटी की बैठक हुई. जिसमें कमेटी के संयोजक रविलाल मित्र ने कहा कि आज लोकतंत्र पर चौतरफा हमला हो रहा है. ऐसे में अधिवक्ता का दायित्व बढ़ गया है.
आजादी की लड़ाई में अधिवक्ताओं की भूमिका अहम रही है. इसके अलावे झारखंड प्रांतीय सचिव एम चौधरी आदि ने भी सभा को संबोधित किया.
