बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, ट्रैक में फंसा ट्रक, दो घंटे तक जाम

देवघर : सत्संग-भिरखीबाद मुख्य मार्ग पर स्थित बंद नवाडीह रेलवे फाटक के सामने एक बाइक चालक व उसके साथी को बेकाबू ट्रक (बीआर 01 जीएफ 5724) ने धक्का मार दिया. इसके बाद रेलवे फाटक तोड़ते हुए उक्त ट्रक आसनसोल-झाझा रेलखंड पर अप लाइन में जा फंसी. घटना में बाइक चालक देवीपुर थाना क्षेत्र के पननबोना […]

देवघर : सत्संग-भिरखीबाद मुख्य मार्ग पर स्थित बंद नवाडीह रेलवे फाटक के सामने एक बाइक चालक व उसके साथी को बेकाबू ट्रक (बीआर 01 जीएफ 5724) ने धक्का मार दिया. इसके बाद रेलवे फाटक तोड़ते हुए उक्त ट्रक आसनसोल-झाझा रेलखंड पर अप लाइन में जा फंसी. घटना में बाइक चालक देवीपुर थाना क्षेत्र के पननबोना गांव निवासी बिजुन हांसदा उर्फ बेजन (25) की मौत हो गयी व उसका चचेरा भाई जितेंद्र हांसदा उर्फ जितन गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे की है. घटना के बाद रांची से लौट रही 108 एंबुलेंस को लोगों ने रोका और मृतक समेत घायल को उस पर चढ़ाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बेजन व जितन बाइक द्वारा देवघर से लौट रहे थे. रेलवे फाटक बंद होने के कारण वहां रुककर खुलने का इंतजार कर रहे थे. इसी बीच बेकाबू ट्रक आयी और चपेट में ले लिया.
एक घंटे बाद पहुंची आरपीएफ व रेल प्रशासन : घटना के एक घंटे बाद जसीडीह स्टेशन मैनेजर एसके मंडल समेत आरपीएफ एसी केसी नायक, जसीडीह आरपीएफ इंस्पेक्टर मानस मिश्रा, एएसआइ रामू कुमार व अन्य पहुंचे. गेटमेन ने बताया कि घटना के दौरान सिग्नल ग्रीन था. घटना से गेट व केबिन क्षतिग्रस्त हो गया है. घटना के बाद गेटमैन ने तुरंत जसीडीह रेलवे अधिकारियों को सूचित कर दिया था.
रोहिणी में बोलेरो को धक्का मारकर बेकाबू हुई थी ट्रक
लोगों के मुताबिक इस घटना के पूर्व रोहिणी में उक्त ट्रक किसी बोलेरो को धक्का मारकर भाग रही थी. उसी क्रम में यह घटना हो गयी. घटना के पूर्व नवाडीह रेलवे फाटक बंद था. दोनों तरफ से लोग इंतजार कर रहे थे. अगर ट्रक रेलवे ट्रैक पर नहीं फंसती तो सामने की तरफ रेलवे फाटक के पार इंतजार कर रहे अन्य लोगों की भी जान ले लेता.
लाल कपड़ा दिखाकर रोका मालगाड़ी
उसी दौरान आसनसोल-झाझा रेलखंड पर अपलाइन में एक मालगाड़ी भी आ रही थी, जिसे लोगों ने लाल कपड़ा दिखाकर दूर में ही रोकवा दिया. अगर उस वक्त मौके पर मालगाड़ी नहीं रुकी होती तो वहां बड़ा हादसा हो सकता था. घटना को देखकर आसपास के लोग जुट गये, तब तक ट्रक चालक भाग चुका था. लोगों ने ट्रक के खलासी बिहार अंतर्गत समस्तीपुर निवासी कारी यादव को पकड़कर मारपीट किया और उसे रेलवे फाटक के पास स्थित केबिन में बंद कर दिया.
इसके बाद आक्रोशित लोग पटरी पर आ गये और उक्त रेलवे ट्रैक सहित सत्संग-भिरखीबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. इस बीच जसीडीह थाने के एसआइ नारद पासवान समेत एएसआइ संजय शर्मा, आरसी चौधरी व अमेरिका राम पुलिस बलों के साथ पहुंचे. पहले ट्रक खलासी को मुक्त कराकर सुरक्षा में जसीडीह थाना भेजा.
दो घंटे बाद हटा जाम
रेलवे ट्रैक व मुख्य पथ जाम कर लोग कार्रवाई करने व मृतक समेत घायल को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे. जसीडीह पुलिस सहित रेलवे प्रशासन व आरपीएफ ने काफी मशक्कत से दो घंटे बाद रात करीब 8:40 बजे आक्रोशित लोगों को समझाकर ट्रैक और मुख्य पथ से हटाया. इसके बाद रेलवे ट्रैक से ट्रक साइड कराया गया. तब रेलवे ट्रैक क्लियर हुआ और मुख्य पथ से जाम हट सका.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >