देवघर : बुधवार को श्रावणी मेला में ड्यूटी निभाने आये पुलिस अधिकारियों व जवानों को देवघर कॉलेज के ग्राउंड में एसपी नरेंद्र कुमार सिंह व एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव ने संबोधित किया. उन्हें दायित्व कर्तव्य बोध कराने के साथ-साथ चेतावनी भी दी गयी. अधिकारियों व जवानों को अपने व्यवहार से तीर्थयात्रियों को खुश करने की सलाह दी गयी. कहा कि पुलिस ऐसा व्यवहार करें कि सभी कांवरिये देवघर से देवभूमि का एहसास लेकर जाएं.
हालांकि देर से आये एसपी के पहुंचते ही बारिश हाेने लगी. कहा कि यह सेवा बाबा की सेवा है. ईमानदारी से काम करें. आपसी समन्वय स्थापित कर काम को सफल बनाने की नसीहत दी. बारिश की वजह से एसपी ज्यादा देर तक संबोधित नहीं कर सके. उनके संबोधन के समय ही अधिकांश कर्मी पानी से बचने के लिए इधर-उधर भाग गये. इससे पहले एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि 28 जुलाई से 26 अगस्त तक मेला चलना है.
हम लोग सेवा करने आये हैं. सेवा भाव से ही हर काम करना है. बाबा की तीसरी आंख सब देखेगी. मंदिर थाना को छोड़ कर सभी पुलिस बलों को वर्दी में ड्यूटी करनी है. औचक निरीक्षण के दौरान सब कुछ देखा जायेगा. वर्दी हमारी पहचान है. इस पर दाग लगने नहीं दें. उन्होंने कहा कि काम से भागने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. हिदायत दी कि मंगलवार को 77 कर्मी निलंबित हो चुके हैं. इसमें विभिन्न जिला के 27 अधिकारी वर्ग के हैं. कामचोरी करते पकड़े जाने पर निलंबन के साथ-साथ मुख्यालय में भी सूचना भेजी जायेगी. मौके पर मधुपुर डीएसपी ललन ठाकुर, सारठ डीएसपी अशोक कुमार आदि ने भी संबोधित किया.
