आनंद जायसवाल@दुमका
देश के मशहूर फिल्म निर्देशक, निर्माता और स्क्रीनराइटर महेश भट्ट ने दुमका के जिला प्रशासन द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा की है और यहां के उपायुक्त मुकेश कुमार से फोन के माध्यम से बधाई दी है. श्री भट्ट ने कहा कि कल तक जिन महिलाओं के द्वारा हडि़या बनाया जा रहा था, उसकी जगह उन्हीं महिलाओं के द्वारा अब अगरबत्ती का निर्माण किया जाना खुशी की बात है. विकास के क्रम में महिलाओं का सशक्तिकरण आवश्यक है.
महेश भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एक सामाजिक कार्य है और इसके लिए अभियान चलाकर कार्य करने की जरुरत है. उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी होगी कि वे ऐसी महिलाओं के प्रोत्साहन के लिए वे कुछ कर सकें और इस काम में सम्ममिलित हो सकें.
श्री भट्ट ने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि उनके इस प्रयास को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभायें. इसके लिए उन्होंने लोगों से बासुकी अगरबत्ती स्वयं खरीदने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें.
दुमका में बेगम जान फिल्म बना चुके हैं महेश भट्ट
महेश भट्ट दुमका के रानीश्वर प्रखंड में भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बेगम जान फिल्म बना चुके हैं. इस फिल्म के मुख्य किरदार में विद्या बालन थीं. विद्या बालन के अलावा गौहर खान, ईला अरुण, पल्लवी शारदा, नसीरुद्दीन शाह, आशीष विद्यार्थी, विवेक मुशरान व चंकी पांडे ने भी अपनी अदाकारी दिखायी थी. फिल्म के अधिकांश दृश्यों को नांदना गांव के पास ही फिल्माया गया था.
बाबा बासुकी को अर्पित फूल व बेलपत्र से बन रही अगरबत्ती
विश्व प्रसिद्ध बासुकिनाथ मंदिर में बाबा बासुकी को अर्पित किये जाने वाले फूल एवं बेलपत्र का उपयोग कर इस बासुकी अगरबत्ती का निर्माण हो रहा है. इसके लिए आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को प्रशिक्षित कराया गया है. इस अगरबत्ती के निर्माण में वैसी ही अधिकांश महिलायें शामिल की गयी हैं, जो रोजी-रोटी के लिए शराब बनाने-बेचने का काम करती थी. अब उनके द्वारा तैयार अगरबत्ती देश के तमाम शहरों में जाने को तैयार हो रहीं हैं.
