बघौड़ी गांव की लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की 12 सदस्यों को दिया गया था 40-40 हजार का ऋण
लाभुकों को 22-22 हजार रुपये ही मिले
ऑडिट टीम डीसी व राज्य सरकार को सौंपेगी रिपोर्ट
देवघर : धरवाडीह पंचायत के बघौड़ी गांव में अनुसूचित जाति विकास निगम से ऋण दिलाने के नाम पर बिचौलियों ने ग्रामाीणों से लाखों रुपये की ठगी कर ली. रांची की सोशल ऑडिट टीम द्वारा गांव में जांच के दौरान यह मामला सामने आया है. ऑडिट के दौरान टीम ने पाया कि ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी कर ली गयी है. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत टीम को दी.
ऑडिट टीम के सदस्य पंकज कुमार व बाबूमणी कुमार सिंह ने बताया कि बघौड़ी गांव की लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष शारदा कुमारी दास, सचिव बेबी देवी, कोषाध्यक्ष बिजली देवी समेत समूह के अन्य 12 सदस्यों को सहकारिता विकास विभाग की ओर से 40-40 हजार रुपये का ऋण दिया गया था. साथ ही 10 हजार रुपये अनुदान पर दिया गया था. इसमें नगर थाना क्षेत्र के कोरियासा निवासी एक व्यक्ति ने समूह के सभी सदस्यों को 22-22 हजार रुपये ही दिये गये, जबकि सभी सदस्यों के 18-18 हजार रुपये रख लिये गये.
वहीं अनुदान की राशि देने के लिए एक-एक हजार रुपये की मांग की जा रही है. यह जानकारी जब ग्रामीणों ने सोशल ऑडिट टीम को दी, तो वे भी दंग रह गये. इससे समूह के सदस्य ठगा महसूस कर रहे हैं. टीम के सदस्यों ने बताया कि ग्रामीणों के ऋण की ठगी कर लिये जाने की रिपोर्ट उपायुक्त व राज्य सरकार को दी जायेगी.
