गोरखधंधा. लाभुकों ने बेच दी गायें, विभाग करेगा कार्रवाई
चारकमारा में गव्य विकास विभाग के अधिकारी की जांच में हुआ खुलासा
शेड की राशि खा गये बिचौलिये
सारठ : बीपीएल महिलाओं को मिली 32 गायों में सिर्फ 10 घरों में ही गायें मिली. गव्य विकास विभाग की गठित टीम के सदस्य त्रिशूल प्रताप सिंह ने बुधवार को डिंडाकोली पंचायत के चरकमारा गांव में पहुंच कर स्थलीय जांच की. कई लाभुकों ने बताया कि गाय को बेटी को उपहार में दे दिया है.
लाभुकों ने बताया शेड के नाम पर आयी राशि में भी तीन-तीन हजार बिचौलिये ने ले लिया है. जांच के दौरान लाभुक ललिता देवी को नोटिस किया गया है. जिन-जिन लाभुकों के यहां गाय नहीं मिली है, उन सभी को जांच अधिकारी दो दिनों के अंदर गाय लाने का निर्देश दिया है.
साथ ही चेतावनी दी है कि गाय बेचने वाले लाभुकों पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. जांच अधिकारी ने कहा की लाभुकों को दूसरी गाय देने के पूर्व सत्यापन किया जा रहा है कि पहली गाय लाभुक के पास है कि नहीं और शेड बनाया गया है कि नहीं. बता दें कि प्रभात खबर ने इस खबर को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया है. उसके बाद विभाग की नींद खुली है.
