झारखंड की लड़कियों को दिल्ली में Rs 15-20 हजार में बेच देता था

खुलासा. दिल्ली में गिरफ्तार हुआ दलाल सुरेंद्र मालतो, कहा देवघर/रांची : हरियाणा पुलिस ने गोड्डा की पहाड़िया लड़की के साथ हुए अमानवीय कृत्य मामले में मुख्य आरोपित सुरेंद्र मालतो और उसके एक सहयोगी अरुण को गिरफ्तार कर लिया है. लड़की अभी फरीदाबाद के एमके अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है. मामले की […]

खुलासा. दिल्ली में गिरफ्तार हुआ दलाल सुरेंद्र मालतो, कहा

देवघर/रांची : हरियाणा पुलिस ने गोड्डा की पहाड़िया लड़की के साथ हुए अमानवीय कृत्य मामले में मुख्य आरोपित सुरेंद्र मालतो और उसके एक सहयोगी अरुण को गिरफ्तार कर लिया है. लड़की अभी फरीदाबाद के एमके अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने उपरोक्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को निर्देश दिया. क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 प्रभारी इंसपेक्टर संदीप मोर ने उपरोक्त आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की और शुक्रवार को देर शाम सूरजकुंड थाना क्षेत्र से मुख्य आरोपित सुरेंद्र को पकड़ लिया. क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे गिरफ्तार करके एसीपी सीएडब्ल्यू पूजा डाबला के हवाले कर दिया. उसके बाद महिला थाना फरीदाबाद की सब इंस्पेक्टर राजरानी ने आरोपी से पूछताछ की.
पूछताछ में सुरेंद्र ने किया सनसनीखेज खुलासा
पूछताछ में सुरेंद्र ने बताया कि वे लोग झारखंड और विभिन्न इलाकों से लड़कियों को दिल्ली लाते थे और दिल्ली में अपने दोस्त मणि मिश्रा व उसकी पत्नी के हाथों 15-20 हजार में बेच देते थे. अब तक वह मणि को 25-30 लड़कियां बेच चुका है. उसने कहा कि गोड्डा जिले के विभिन्न गांवों से लड़कियों को काम दिलाने के लिए दिल्ली लाता था. फिर दिल्ली में लड़कियों को फरीदाबाद धीरजनगर में मणि मिश्रा और उसकी पत्नी को बेच देता था. एक लड़की का 25 से 30 हजार रुपये मणि उसे देता था.
उसके बाद मणि मिश्रा उन लड़कियों को फरीदाबाद और एनसीआर इलाके में अलग-अलग जगहों पर घरेलू काम करने के लिए सप्लाई करता था. लड़कियों को जो भी सैलरी गृहस्वामियों से तय होता था, उसे वे लोग अपने खाते में मंगवाते थे. इस तरह काम करने वाली झारखंड की लड़कियों को एक भी पैसा हाथ नहीं लगता था. मणि और उसकी पत्नी इतने बेरहम थे कि इन लड़कियों को मालिक से जो भी कपड़ा व अन्य सामग्री मिलता था, उसे भी वे छीन लेते थे.
पुलिस से
यह भी कहा
गोड्डा जिले के विभिन्न गांवों लड़कियां थी उसके टारगेट में
दिल्ली में मणि मिश्रा को बेच देता था सुरेंद्र
मणि मिश्रा और उसकी पत्नी थे लड़कियों के सप्लायर
घरेलू कामों में लड़कियों को लगाता था मणि मिश्रा
लड़कियों की सैलरी अपने खाते में मंगवाता था आरोपित
हरियाणा पुलिस को है मणि मिश्रा और उसकी पत्नी की तलाश
सुरेंद्र मालतो गोड्डा के ललमटिया का रहने वाला है
दूसरा आरोपी अरुण साहिबगंज के बोरियो का है निवासी
केयरटेकर के हवाले कर दी जाती थी लड़कियां
आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि मणि मिश्रा के दो घर हैं. एक में वो अपनी बीवी, बच्चों के साथ खुद रहता है. एक और घर पर वह खरीद कर लायी गयी लड़कियों को रखता है. वहीं गिरफ्तार किये गये आरोपी अरुण ने बताया कि मणि मिश्रा व उसकी पत्नी खरीदी गयी लड़कियों की देखभाल के लिए प्रत्येक लड़की पर उसे दो से तीन हजार कमीशन देता था.
सुरेंद्र गोड्डा और अरुण साहिबगंज का है रहनेवाला
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र मालतो (पिता बिरजू पहाड़िया) गोड्डा जिले के ललमटिया स्थित कुसुमघाटी गांव का रहनेवाला है. वहीं गिरफ्तार अरुण (पिता फुलेश्वर) साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड अंतर्गत मोतीबाड़ी का निवासी है. ये लोग कई सालों से ह्यूमन ट्रैफिकिंग के धंधे में लिप्त हैं.
सुरेंद्र ने लड़कियों के साथ जबरदस्ती करने की बात स्वीकारी
आरोपी सुरेंद्र ने पुलिस बयान में अपना जुर्म कबूल किया है. उसने बताया कि इस केस की पीड़िता के साथ उसने खुद और मणि मिश्रा ने कई बार जबरदस्ती गलत काम किया था. मणि मिश्रा उक्त लड़की को दिल्ली से वापस फरीदाबाद लेकर आया था. यहां उन दोनों ने लड़की को पगार के रूप में मिले 30 हजार रुपये भी छीन लिये. पुलिस ने उपरोक्त चारों आरोपियों पर दो मामले दर्ज किये हैं. एक केस कांड संख्या-11, भादवि की धारा 323/366/370/506 व 75,79,81 जेजे एक्ट और 6- पोस्को एक्ट और दूसरा कांड संख्या 69/18 भादवि की धारा 370/379बी 34, 18 पोस्को एक्ट सेक्टर 31 फरीदाबाद थाने में दर्ज किया है.
आरोपी सुरेंद्र की निशानदेही पर तीन और लड़कियां बरामद
आरोपी सुरेंद्र की निशानदेही पर आरोपी मणि मिश्रा के किराये के घर पर एसीपी सीएडब्ल्यू के नेतृत्व में छापामारी कर केयरटेकर अरुण के कब्जे से तीन लड़कियों को छुड़ाया गया. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत तीनों लड़कियों का बीकेएच फरीदाबाद में मेडिकल कराया.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
दोनों आरोपियों को अदालत से पुलिस रिमांड पर लिया जायेगा और अन्य दो आरोपियों मणि मिश्रा और उसकी पत्नी एनिमा मिश्रा (निवासी बीपीएल कॉलोनी, धीरज नगर) के ठिकानों व इन सबों द्वारा बेची गयी लड़कियों का पता लगाया जायेगा. इन लोगों के सुनियोजित रैकेट तक पुलिस पहुंचेगी और सभी दोषी गिरफ्तार किये जायेंगे.
पूजा डाबला, एसीपी सीएडब्ल्यू, फरीदाबाद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >