देवघर : बीएड डिग्री दिलाने के नाम पर 30 छात्र-छात्राओं से की गयी 15 लाख 80 हजार रुपये की ठगी मामले में नगर पुलिस ने नींव एजुकेशन के कथित मैनेजर गणेश चौधरी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं संस्थान मालिक मोहनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी कंचन अधिकारी के खिलाफ कोर्ट में वारंट प्रे किया गया है.
इस संबंध में कांड के आइओ नगर थाना के एएसआइ ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपित कंचन अधिकारी महीनों से फरार चल रहा है. कई बार उसके आवास समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी की गयी. बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी. कंचन सहित उसकी पत्नी विदिशा अधिकारी, मानस राय,
मानस की पत्नी रतना राय व गणेश के विरुद्ध जटाही मोड़ निवासी करण आनंद के परिवाद पर ठगी का एफआइआर नगर थाना में दर्ज है. जिक्र है कि 30 छात्र-छात्राओं से बीएड की डिग्री दिलाने के नाम पर 15.80 लाख रुपये की ठगी की गयी थी. छात्र-छात्राओं को फर्जी डिग्री देकर धोखाधड़ी किये जाने का आरोप है. सभी को सर्टिफिकेट के साथ बीएड की डिग्री प्रदान किया गया, जो बाद में विश्वविद्यालय से वेरिफिकेशन कराने पर फर्जी करार दिया गया था.
