चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव का रहनेवाला था ऑटो चालक फाल्गुनी यादव
दो दिन पूर्व उसका ऑटो मिला था रोहिणी मोड़ पर
देवघर : जसीडीह के अंधरीगादर गांव से गायब हुए सीमावर्ती जमुई जिला अंतर्गत चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी ऑटो चालक फाल्गुनी यादव (16) की हत्या कर शव डिगरिया पहाड़ के समीप जंगल में फेंक दिया गया है. जसीडीह थाना की पुलिस को पूरा घटनाक्रम पता चल चुका है. फाल्गुनी की हत्या में संलिप्त रहे एक आरोपित बसमता निवासी बमशंकर यादव उर्फ बमबम उर्फ बम को जसीडीह पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. देवीपुर थाना क्षेत्र के बाघमारी गांव से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. बमबम की निशानदेही पर शनिवार सुबह से ही पुलिस ने डिगरिया जंगल में छान मारा. देर शाम तक उसकी लाश नहीं मिल सकी. हालांकि पुलिस ने बमबम की निशानेही पर घटनास्थल खोज लिया. जंगल में जहां फाल्गुनी की हत्या की गयी थी, वहां काफी खून गिरा मिला है. पुलिस ने वहां से खून सनी मिट्टी जब्त कर ली है.
23 को हुआ गायब, पिता ने दो दिन बाद कराया एफआइआर: फाल्गुनी 23 जनवरी को गायब हुआ था और उसके पिता सौदागर यादव ने दो दिन बाद उसके अपहरण का एफआइआर जसीडीह थाना में दर्ज कराया था. जिक्र है कि बम उर्फ बमबम ने मोबाइल पर कॉल कर फाल्गुनी का ऑटो रिजर्व लेकर देवघर जाने की बात कहते हुए बुलाया था. दूसरे दिन ऑटो रोहिणी मोड़ पर परिजनों को मिली थी. इसके बाद वे लोग ऑटो लेकर घर चले गये.
ऑटो के खातिर की गयी फाल्गुनी की हत्या: पुलिस सूत्रों के अनुसार फाल्गुनी ने एक महीने पूर्व ऑटो खरीदी थी, जो खुद चलाता था. उसी ऑटो पर बमबम की नजर पड़ी और उसकी ऑटो बेचने के लिये उसकी हत्या की साजिश रच दी. पुलिस को पता चला है कि बमबम के अलावा बसमता के ही उत्तम व वीरेंद्र ठाकुर व बिंदा की भी घटना में संलिप्तता होने की जानकारी मिली है. उत्तम व वीरेंद्र की तलाश में पुलिस छापेमारी भी कर रही है. पुलिस को यह भी पता चला है कि बमबम का घर बसमता सहित अंधरीगादर व गादी गांव में भी है. रिश्ते में बमबम व फाल्गुनी साला-बहनोई लगता है. छापेमारी दल में जसीडीह थाना के एसआइ दुष्यंत सिंह, एएसआइ संजय कुमार सिंह, एन पासवान सदलबल शामिल थे.
