तीन साल में जिस स्थल पर पांच से 10 दुर्घटनाएं हुई, उसे ब्लैक स्पॉट के तौर पर चयन करते हैं
देवघर : रांची परिवहन विभाग से रोड सेफ्टी के लिए चार प्रतिनिधि देवघर में कैंप कर रहे हैं. जुलाई 2017 से ही वे लोग जिले में चलने वाले रोड सेफ्टी कार्यक्रमों में शामिल हैं. कहीं चेकिंग चलती है, तो वहां भी वे लोग पहुंचते हैं और रोड सेफ्टी से संबंधित लोगों को जागरूक करते हैं. परिवहन विभाग रांची से रोड सेफ्टी कार्यक्रमों को गति देने के लिए आशीष कुमार, अजय कुमार, उदय कुमार व रवि कुमार देवघर में प्रतिनियुक्त हैं. इनलोगों द्वारा हर थाना से संबंधित दुर्घटना का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है.
साथ ही इसकी निगरानी रखी जा रही है कि किस स्थल पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही है. स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, पुलिस व शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर जानकारी एकत्र करते हैं. हर थाना से दुर्घटना से संबंधित फार्म भरवाते हैं. तीन साल में जिस स्थल पर पांच से 10 दुर्घटनाएं हुई, उसे ब्लैक स्पॉट के तौर पर चयन करते हैं. फिलहाल मोहनपुर थाना क्षेत्र का चोपा मोड़ व जयपुर मोड़ को ब्लैक स्पॉट के तौर पर चयनित किया गया है.
