देवघर : जसीडीह थाना क्षेत्र में अलग-अलग दुर्घटना में घायल मजदूरों की इलाज के दौरान मौत होने के मामले में अलग-अलग दो एफआइआर दर्ज कराया गया है. पहली घटना में गिधनी मोड़ पर पिछले दिनों हाइवा से कुचलकर मोहनपुर निवासी पिंटू मंडल घायल हो गया था.
सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद पिंटू को बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने बाहर रेफर कर दिया था. वहीं दूसरी घटना में एक सप्ताह पूर्व मंगनासार निवासी डाकू यादव अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हुआ था. मजदूरी कर वापस घर लौटने के दौरान मानिकपुर पेट्रोलपंप के समीप एक कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया था. इसके बाद परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स में डाकू को भर्ती कराया था, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई. समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों मामलों की पड़ताल में जुटी है.
