Deoghar News : सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर करते थे साइबर ठगी, 11 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले 11 साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

वरीय संवाददाता, देवघर : कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले 11 साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस मीडिया सेल द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, दो मार्च को पाथरौल थानांतर्गत सरहैता गांव स्थित जंगल के समीप गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने छापेमारी की. मौके पर से पाथरौल थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी चंदन कुमार, राहुल कुमार दास, कुंदन कुमार, राहुल कुमार दास, पितौंजिया गांव निवासी दिवाकर महरा, पथरड्डा ओपी क्षेत्र के उबिया गांव निवासी जब्बार अंसारी, मधुपुर थाना क्षेत्र के नया पतरो गांव निवासी नीरज कुमार दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलौना गांव निवासी संजय कुमार दास, मोहनपुर थाना क्षेत्र के पदनबोना गांव निवासी रोहित कुमार यादव, करौं थाना क्षेत्र के जगाडीह गांव निवासी दीपक कुमार मंडल व प्रिंस कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपितों के पास से नकद 1,00,100 रुपये सहित 11 मोबाइल फोन व 12 सिम कार्ड बरामद किया है. जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ग्रामीणों को पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे. ये सभी खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर फोन करते थे और भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को लिंक भेजते थे. लिंक पर क्लिक करवाकर उनसे पैसे की ठगी की जाती थी. पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे और उनसे बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर थाना के इंस्पेक्टर नागेंद्र कुमार मंडल कर रहे थे, जिनके साथ एसआइ संतोष कुमार मंडल और पाथरौल थाना, पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम व सशस्त्र बल शामिल थे. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. हाइलाइट्स पुलिस ने आरोपितों को पाथरौल थानांतर्गत सरहैता गांव स्थित जंगल के पास से किया गिरफ्तार आरोपितों के पास से नकद 100100 रुपये सहित 11 मोबाइल फोन व 12 सिम कार्ड बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >