पाकुड़/लिट्टीपाड़ा: इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के बैनर तले आम सभा करने आये केरल के सांसद मो वशीर को स्थानीय प्रशासन ने सभा करने से रोक दिया. इस क्रम में सांसद व उनके समर्थकों तथा स्थानीय प्रशासन के बीच हल्की नोक-झोंक भी हुई.
बाद में प्रशासन के सख्त रवैये को देखते हुए सांसद सभा किये बगैर लौट गये. जानकारी के मुताबिक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के बैनर तले जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगा मैदान में आम सभा को लेकर कुछ दिन पूर्व आयोजक कासिम अंसारी ने अनुमंडल पदाधिकारी पाकुड़ को आवेदन देकर सभा की स्वीकृति मांगी थी.
इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी जीतेंद्र कुमार देव ने आयोजक कासिम अंसारी से आमसभा की विस्तृत विवरणी की मांग की थी. आयोजक द्वारा एसडीओ को कोई जानकारी नहीं दी गयी. सूत्रों के मुताबिक, 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद ढाहने की बरसी मुद्दे को लेकर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के बैनर तले रविवार को आम सभा की जानी थी. इसकी गोपनीय जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने काफी सख्त रवैया अपनाया और कार्यक्रम आपसी सौहार्द्र बनाये रखने के उद्देश्य से सख्ती बरतते हुए कार्यक्रम को असफल करने का काम किया.
शहर में पोस्टरबाजी, पुलिस ने हटाया : बाबरी मस्जिद ढहाने के मुद्दे को लेकर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया ने शहर के दर्जनों स्थानों पर पोस्टरबाजी की है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पोस्टर को उखाड़ कर जब्त कर लिया है.
