मनरेगा में फंड टोटा, दो माह से भुगतान अटका
देवघर : जिले में मनरेगा के मजदूरों की बकाया राशि का भुगतान डेढ़ माह बाद तो हो गया, लेकिन मनरेगा के मेटेरियल मद में करीब 2.08 करोड़ रुपये अब भी अटका है.
पिछले दो माह से मेटेरियल मद में भुगतान नहीं होने से जिले भर में मनरेगा से निर्माणाधीन पशु शेड, बकरी शेड व मुर्गी शेड का कार्य बंद हो गया है. मेटेरियल मद में भुगतान के लिए डीडीसी द्वारा ग्रामीण विकास विभाग को आग्रह पत्र लिखा गया है. इससे पहले देवघर आये मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी को भी मेटेरियल का लंबित भुगतान से अवगत कराया गया था.
लेकिन केंद्र सरकार से जो राशि भेजी गयी, उसमें केवल मजदूरी का ही भुगतान हो पाया. मनरेगा पदाधिकारी विशंभर पटेल ने बताया कि मेटेरियल मद में कुछ लंबित भुगतान पिछले दिनों हुई थी, शेष फंड का डिमांड किया गया है.
कहां कितना भुगतान अटका
देवघर 14.52 लाख
देवीपुर 51.26 लाख
करौं 17.49 लाख
मधुपुर 9.69 लाख
मारगोमुंडा 8.13 लाख
मोहनपुर 52.01 लाख
पालोजोरी 9.54 लाख
सारठ 22.44 लाख
सारवां 2.4 लाख
सोनारायठाढ़ी 21.31 लाख
