सारवां: एक तरफ सरकार सभी विकलांगों को पेंशन उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं सारवां प्रखंड अंतर्गत रक्ति पंचायत के कानूडीह निवासी दिव्यांग पिता विष्णुदेव साह (56) पेंशन के लिए अपने विक्षिप्त पुत्र सुदामा कुमार साह (21) को सहारा देकर कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं.
सोमवार को प्रखंड के बरामदे पर दोनों आने-जाने वाले लोगों से गुहार लगा रहे थे कि कोई उन्हें पेंशन दिला दे. विष्णुदेव ने बताया कि इसके पहले अनगिनत बार ब्लॉक का चक्कर लगा चुके हैं, पर कोई सुनता ही नहीं. कहा एक बार सारवां में उड़ान शिविर लगा था. उसमें उन लोगों ने जांच करायी थी.
उम्मीद जगी थी कि अब पेंशन मिलेगी, लेकिन न तो किसी ने जांच का कोई कागज दिलाया और न ही पेंशन मिली. कहा कि परिवार की हालत दयनीय है. पत्नी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है. इस संबंध में सीडीपीओ पूनम टोप्पो ने कहा अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है. आवेदन पत्र के साथ विकलांग प्रमाण पत्र, आधार नंबर, बैंक एकाउंट की छाया प्रति कार्यालय में दें, तब उन उन्हें पेंशन की स्वीकृति दिलायी जायेगी.
