देवघर : देवघर में जिलाध्यक्ष मुन्नम संजय की अध्यक्षता में स्थानीय होटल में आयोजित जिला कांग्रेस की बैठक हंगामेदार रही. एक ओर जहां कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिलने का मामला उठा, वहीं मौजूदा एनडीए सरकार की नीतियों पर नेताओं ने जम कर भड़ास निकाली. बैठक में विधायक बादल के तेवर तल्ख दिखे. कार्यकर्ताओं को मान सम्मान नहीं मिलने पर पार्टी के बड़े नेताओं को अप्रत्यक्ष रूप से खूब खरी-खरी सुनायी. विधायक बादल ने एआइसीसी के सचिव मोइनुल हक, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, वरिष्ठ नेता केएन झा के समक्ष पार्टी के जरिए आलाकमान तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की.
डेलिगेट के पद को पॉकेट का माल न समझें कतिपय नेता
बादल ने कहा : कांग्रेस ने देश को आजाद कराया. पिछड़े व दलितों को अधिकार व सम्मान दिया, लेकिन आज कुछ लोग जिलाध्यक्ष व स्टेट डेलीगेट के पद को पॉकेट का माल समझते हैं. पार्टी के पुराने नेताओं को दरकिनार करके जेबी संगठन बनाने पर कुछ लोग आमादा हैं. यही कारण है कि देवघर के उदय प्रकाश व जीवन प्रकाश का नाम स्टेट डेलीगेट से काटा गया है. इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. अविलंब स्टेट डेलीगेट में इनका नाम जोड़ा जाये. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा. कतिपय लोग पार्टी को कमजोर करने में जुटे हैं. उनकी यह मंशा कभी सफल नहीं होने देंगे.
थोपा नहीं जाये जिलाध्यक्ष : बेनी चौबे : देवघर. जिला कांग्रेस की बैठक में महासचिव कृष्ण मोहन चौबे उर्फ बेनी चौबे ने कहा कि जिले में संगठन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को अधिकार है कि वे किसी भी पद के लिए उम्मीदवारी करे. संगठन के आला नेताओं से आग्रह है कि देवघर में जिलाध्यक्ष थोपा नहीं जाये. सांगठनिक चुनाव पारदर्शी तरीके से हो और सर्वमान्य अध्यक्ष चुना जाये. हर कार्यकर्ता को सम्मान मिले. उधर, रवींद्र मिश्र उर्फ दद्दू ने कहा कि जिस तरह से बैठक में छींटाकशी हुई है. यह नहीं होना चाहिए. संगठन में सर्वसम्मति हो, किसी के प्रभाव से जिलाध्यक्ष थोपा नहीं जाये.
सरकार की जनविरोधी नीतियों का करें विरोध : केएन झा
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा राज्य व केंद्र सरकार के क्रियाकलाप पर जम कर बरसे. दूसरी ओर कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि पहले संगठन को मजबूत करें. पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह और नये जुड़े लोगों को सम्मान मिले. मजबूत संगठन बिना विरोधियों को परास्त नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता देश व राज्य की मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध हर स्तर पर करने को तैयार हो जायें.
संगठित हो दें सरकार को जवाब : जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष मुन्नम संजय ने कहा कि राज्य व केंद्र की सरकार को करारा जवाब देने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर जवाब देना होगा. बैठक में मुख्य रूप से एआइसीसी के सचिव मोइनुल हक, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व सांसद सलाउद्दीन अंसारी, दुर्लभ मिश्र, अशोक राय, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश, राजेंद्र दास, प्रो उदय प्रकाश, जीवन प्रकाश, बेनी चौबे, बजरंगी महथा सहित विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव व कार्यकर्ता उपस्थित थे.
