सारठ: सारठ अवर प्रमंडल विद्युत कार्यालय में पूर्व से कार्यरत बिजली मिस्त्रियों का बकाया भुगतान नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने पावर सब स्टेशन में स्विच ऑफ कर घंटों विद्युत आपूर्ति सेवा बाधित रखी. इस वजह से कई इलाकों में बिजली बाधित रही. त्योहार के समय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी.
इस बाबत बिजली मिस्त्री रवि वर्मा, पंचानन तिवारी, डहरू पंडित, अशर्फी पंडित, विनोद यादव, नागो पंडित, अयूब अंसारी, मदन ठाकुर, वंशीघर राय समेत कई ने कहा कि वे पिछले 15 वर्षां से डेली वेजेज पर कार्य करते थे. बिजली का मेंटेनेंस समेत सभी प्रकार के कार्य करते थे. लेकिन विभाग ने संवेदक नियुक्त कर आउटसोर्सिंग के जरिये चुपके से कर 48 नये कर्मियों को रख लिया गया है. जेइ अभी भी उन लोगों से ही कार्य लेते हैं.
विभाग के पास छह माह का पूर्व का वेतन बकाया है. घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है. इस बार दीपावली में पैसे नहीं मिलने से घर में रोशन नहीं होगा. बकाया भुगतान की मांग को लेकर कई बार मांग रखी लेकिन किसी ने नहीं सुनी. लाचार होकर सेवा बाधित की गयी है. सूचना मिलने पर कनीय अभियंता प्रभातेश्वर तिवारी पावर सब स्टेशन पहुंचे और नाराज मिस्त्रियों को समझाने का प्रयास किया.
जेइ ने अश्वासन दिया कि छठ के बाद बकाया भुगतान करा दिया जायेगा. कहा कि आउटसोर्सिंग के तहत सूची में उन्हें भी समायोजित किया जायेगा. जेइ के अश्वासन पर बिजली मिस्त्री माने ओर सेवा बहाल की.
