पालोजोरी : पालोजोरी सीएचसी में शनिवार दिन के लगभग तीन बजे 19 वर्षीय युवती की संदेहास्पद अवस्था में मौत हो गयी. मृतका दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव के रहने वाले रामप्रसाद साह की पुत्री नीतू कुमारी है. उसे एक ऑटो से उसकी मां इला देवी,भाई मनोज कुमार व मंटू साह गंभीर हालत में इलाज के लिए सीएचसी पालोजोरी लाये थे.
मौके पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरिफ, एएनएम विभा कुमारी, स्वास्थ्य कर्मी शिव कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार ने काफी प्रयास किया लेकिन नीतू को नहीं बचाया जा सका. चिकित्सक डॉ आरिफ ने बताया कि युवती को गंभीर अवस्था में सीएचसी लाया गया था.
मौत के बाद डॉक्टर ने इसकी सूचना पुलिस पदाधिकारी को दी. सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर बीके सिंह एएसआइ मोहम्मद चांद के साथ सीएचसी पहुंचे और मृतका की मां का बयान लिया. मां ने कहा कि सा लगता है कि नीतू ने घर में कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया था. उसके मुंह से फेन निकल रहा था. सीएचसी लाने के दौरान उसे दो बार उल्टी भी हुई थी. मां ने बताया कि सभी के साथ उसने भी नाश्ता किया था.
इसके बाद वह तालाब चली गई थी. जिसके बाद उसके पुत्र ने बताया कि नीतू घर में होश खो रही रही थी. इसके बाद अफरा-तफरी में ऑटो से पहले कैराबनी के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टर नहीं मिलने पर पालोजोरी सीएचसी पहुंचाया. पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया मामला जरमुंडी थाना क्षेत्र का है, इस लिए बयान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए इसे जरमुंडी थाना भेजा जायेगा. वहीं शव को देवघर में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जायेगा. मृतका की मां व भाई सीएचसी में शव के पास दहाड़ें मार कर रो रहे थे.
