मधुपुर: मंगलवार को स्काउट एंड गाइड के पांच दिवसीय शिविर के तीसरे दिन शहर के बावन बीघा स्थित रेलवे स्टेट ट्रेनिंग पार्क में बच्चों को करियर काउंसलिंग समेत योग के बारे में जानकारी दी गयी. करियर काउंसलिंग में बच्चों को अनुशासन के साथ कई क्षेत्रों के बारे में बताया गया.
वहीं योग से होने वाले फायदों के बारे में बताया गया. बच्चों की ओर से सफाई अभियान भी चलाया गया. टीटीसी मैदान के चारों ओर सफाई की गयी. कार्यक्रम में अलग-अलग मंडल से आये बच्चों ने हिस्सा लिया.
हालांकि बारिश का प्रभाव शिविर पर भी दिखा. शिविर संचालक बबलू गोस्वामी ने बच्चों को स्काउट और गाइड के मूल उद्देश्यों के संबंध में बताया कि स्काउट हमेशा देश में सेवा भावना से कार्य करता है. वहीं बच्चों ने स्वच्छता विषय पर अपने-अपने विचार रखे. पूर्वी भारत के कई राज्यों से आये बच्चे इस कैंप में एक-दूसरे की भाषा संस्कृति से परिचित हो रहे हैं.
पांच दिवसीय शिविर में ईस्ट सेंट्रल रेलवे, ईस्ट कोस्ट रेलवे, झारखंड, ओडिशा, साउथ ईस्टर्न रेलवे, झारखंड, बिहार व पश्चिम बंगाल के स्काउट एंड गाइड के बच्चे भाग ले रहे हैं. इस अवसर पर सरोजनी साहू, महादेव व्रत, आलोक कुमार, मनीष कुमार, पूर्व मध्य रेलवे के समरजीत भट्टाचार्य, पूर्व रेलवे से अनुराधा गुप्ता, राम कुमार, जीतन कुमार के अलावा स्काउट एंड गाइड के रोबर रेंजर समेत दर्जनों प्रतिभागी शामिल थे.
