देवघर: पर्यटन, कला संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा ने सभी जिलों में चल रहे क्रीड़ा एवं कला संस्कृति विभागों के गतिविधियों की समीक्षा की. वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई समीक्षा में सचिव श्री शर्मा ने कमल क्लब के माध्यम से जिला स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित किये जाने संबंधी जानकारी ली. बताया गया कि फुटबॉल प्रतियोगिता पंचायत स्तर पर 12 से 17 अक्तूबर, प्रखंड स्तर पर 20 से 23 अक्तूबर, जिला स्तर पर 27 से 31 अक्तूबर, जोनल स्तर पर 02 से 6 नवंबर तक तथा राज्य स्तर पर आठ से 13 नवंबर तक आयोजन किया जाना है.
टीमों की संख्या एक लाख तक हो जायेगी : सचिव ने जानकारी दी कि जिला स्तर पर इसके संचालन के लिए डीसी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है तथा प्रखंड स्तर पर भी संचालन समिति का गठन कर लिया जाये. बताया गया कि इसमें 18 वर्ष से ऊपर के युवा भाग लेेंगे और यदि प्रत्येक पंचायत में दो टीमें भाग लेती है तो पूरे राज्य में 4400 पंचायतों की 8800 टीमें भाग लेंगी तथा यह संख्या लगभग एक लाख के करीब पहुंच जायेगा, जो मुख्यमंत्री का लक्ष्य है.
गिनीज बुक अॉफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज होगा खेल महाकुंभ : सचिव ने कहा कि खेल महाकुंभ का आयोजन फरवरी के प्रथम सप्ताह तक किया जाना है. इसके लिए बचे हुए प्रचार-प्रसार कर आठ से 12 साल के बच्चों की पर्याप्त संख्या में भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. इस खेल महाकुंभ में एक लाख बच्चों के भाग लेने की संभावना है. इस इवेंट को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए निबंधन करवाया जा रहा है. जानकारी दी गयी कि पूरे राज्य में 2500 छात्र/छात्राओं का चयन कर इन्हें होटवार स्टेडियम में लाया जायेगा. सभी के शारीरिक और स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण के बाद 500 उपयुक्त छात्र/छात्राओं का चयन किया जायेगा तथा अंतिम रूप से स्पोर्ट्स अकादमी में इनके नामांकन के लिए 110 छात्रों व 110 छात्राओं का चयन किया जायेगा.
कला संस्कृति विभाग की हुई समीक्षा
इस अवसर पर सचिव ने कला संस्कृति कार्य निदेशालय की समीक्षा की. सचिव ने सभी डीपीआरओ को प्रत्येक माह के चार शनिवार को क्रमशः लोकगीत-लोकनृत्य, शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत तथा नाटक प्रस्तुत कराने के साथ-साथ सुबह-सबेरे कार्यक्रम में भजन आदि प्रस्तुत कराने का निर्देश दिया. सचिव ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक जिला से तीन टीमें भेजने के लिए चयन प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया. इसके लिए आवंटन सभी जिला के उपायुक्तों को उपलब्ध करा दिया गया है. इस समीक्षा में कला संस्कृति एवं क्रीड़ा कार्य निदेशालय के निदेशक अशोक कुमार सिंह एवं रमेंद्र कुमार मौजूद थे, वहीं देवघर से डीपीआरओ बिंदेश्वरी झा सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
