देवघर: हवाई अड्डा कार्य हेतु भूमि अधिग्रहण के बाद दिल मांगे मोर ढाबा खाली कराने में पुलिस-प्रशासन के साथ झड़प मामले में मोहनपुर सीओ राकेश कुमार तिवारी ने कुंडा थाना में अलग-अलग दो प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले में ढाबा मालिक बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के केवल बिगहा गांव के स्थायी […]
देवघर: हवाई अड्डा कार्य हेतु भूमि अधिग्रहण के बाद दिल मांगे मोर ढाबा खाली कराने में पुलिस-प्रशासन के साथ झड़प मामले में मोहनपुर सीओ राकेश कुमार तिवारी ने कुंडा थाना में अलग-अलग दो प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले में ढाबा मालिक बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के केवल बिगहा गांव के स्थायी वर्तमान पहाड़पुर निवासी रविरंजन प्रसाद, अभय रंजन प्रसाद, शशि रंजन प्रसाद, अजंता देवी, माला सिन्हा, डॉ राजीव रंजन, योगेंद्र सिंह, रामेश्वर सिंह व महाराज सिंह को नामजद और 15 अज्ञात महिला-पुरुषों को आरोपित बनाया गया है.
आरोपितों पर नजायज मजमा लगाकर गाली-गलौज व जानलेवा हमला करते हुए सीओ के चालक, जेसीबी चालकों, पदाधिकारी सहित पुलिसकर्मियों को जख्मी करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए सीओ के वाहन समेत जेसीबी को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है.
प्राथमिकी में जिक्र है कि रविवार सुबह करीब 10:30 बजे मकान खाली कराने प्रभारी सीआइ गौरीशंकर रजक, हलका कर्मचारी नरेंद्र जैन के साथ दो जेसीबी लेकर पहुंचे तो हाथ में लाठी-डंडा, टांगी, ईंट-पत्थर लिये आरोपित से गाली-गलौज करने लगे. समझाने व मना करने पर भी ढ़ाबा मालिक रविरंजन, अभय रंजन व शशि रंजन ने भीड़ को उकसाते हुए हमला करने कहा. यह देख वे लोग वापस लौटने लगे तो वे सभी हाथापाई पर उतर गये. उनलोगों ने जानलेवा हमला किया, जिसमें सीओ के सरकारी वाहन चालक दिलीप तुरी व दोनों जेसीबी चालकों को ईंट-पत्थर से चोट लगी. सीओ के वाहन व जेसीबी का शीशा तोड़ दिया. दूसरे मामले में जिक्र है कि दिल मांगे मोर ढाबा खाली कराने वाले सरकारी कर्मियों पर हमले की सूचना पर कुंडा थाना प्रभारी राजीव रंजन, एएसआइ अरविंद कुमार सहित पुलिस बलों व महिला आरक्षियों के साथ पहुंचे. भीड़ को समझाने का प्रयास कर रहे थे कि अभय रंजन ने टांगी से जान मारने की नीयत से हवलदार माइकल सोरेन पर जानलेवा हमला कर दिया. माइकल का सिर फट गया और वह गिर पड़ा. इस दौरान कुंडा थाना के एएसआइ अरविंद कुमार को ईंट-पत्त्थर से चोट लगा. हवलदार विनोद कुमार चौधरी भी घायल हो गये. आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया गया तो वे लोग-पथराव करते हुए भागने लगे. इसमें ढाबा मालिक रविरंजन को भी चोट लगी व सिर फट गया. इलाज के लिये उसे भी सदर अस्पताल भेजा गया. इस संबंध में कुंडा थाना कांड संख्या 119/17 भादवि की धारा 147, 148, 149, 341, 323, 325, 427, 353, 290, 504, 307 और 120/17 भादवि की धारा 147, 148, 149, 341, 323, 325, 307, 324, 504, 290, 120बी के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पड़ताल में जुटी है. मामले में पुलिस ने आरोपित रवि रंजन व अभय रंजन को गिरफ्तार कर लिया है.
दान पत्र में मिली जमीन का मांग रहे थे मुआवजा
प्रशासनिक सूत्रों से जानकारी के अनुसार, ‘ये दिल मांगे मोर ढाबा’ संचालक रवि रंजन प्रसाद को दान पत्र में जमीन मिली थी. उस पर रवि रंजन व उसके परिवार की अोर से मकान निर्माण कर ढाबा संचालित किया जा रहा था. हवाई अड्डे के निर्माण के लिए जब चिह्नित जमीन को अधिग्रहण करने की प्रक्रिया चल रही थी. उसमें ढाबा वाली जमीन भी शामिल थी. उक्त जमीन पर मकान निर्माण के बदले प्रशासन की अोर से मुआवजा भी दिया गया. लेकिन अब जब जमीन खाली कराने की बात हो रही है तो प्रशासन के अधिग्रहण कार्य में बाधा पहुंचा रहे हैं. ढाबा संचालक जमीन के बदले मुआवजा की मांग को लेकर अड़े हैं. इसमें असल रैयत को जमीन का मुआवजा दे दिया गया है. चूंकि ये लोग उक्त जमीन पर घर बनाकर ढाबा संचालित कर रहे थे. तो नियम के अनुसार मकान का भुगतान इन लोगों को दिया गया है.
प्रशासन को करनी पड़ी घंटों मशक्कत
हवाई अड्डा निर्माण को लेकर कुंडा थाना क्षेत्र के दिल मांगे मोर ढाबा की जमीन को खाली कराने पहुंचे प्रशासनिक पदाधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी. जबकि ढाबा मालिक व उनके लोगों के द्वारा पत्थरबाजी की घटना में सीअो के चालक, दो जेसीबी चालक समेत कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गये. हालांकि इनके अलावा ढाबा मालिक रवि रंजन प्रसाद का भी सदर अस्पताल में इलाज कराया गया. इस दौरान चोटिल रविरंजन ने बताया कि प्रशासन के पास जमीन अधिग्रहण का विरोध करने गये तो पुलिस कर्मियों ने मारपीट कर चोटिल कर दिया.