देवघर: मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित बिहार सीमा से सटे रढ़िया पंचायत में 3.40 करोड़ की लागत से पक्की सड़क बनेगी. चांदन नदी के उस पार रढ़िया पंचायत के आठ गांव को यह पक्की सड़क जोड़ेगी. यह सड़क रढ़िया गांव के शंकर मांझी के घर से जीतमहला गांव तक बनेगी. इसके बनने से चांदन नदी के उस पार सलैया, पिपरा, रक्सा, जीतमहला, बैजूडीह, तिलैया, मचना समेत आठ गांवों के लोगों को करीब दो हजार आबादी को आवाजाही में सुविधा होगी.
सड़क नहीं बनने से सलैया, जीतमहला, रक्सा, तिलैया आदि गांवों तक चार पहिया वाहन नहीं जा पाता था. ममता वाहन भी गांव से पांच किलोमीटर दूर तक ही पहुंच पाती थी. उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से पुलिस की पेट्रोलिंग भी सभी गांवों तक नहीं होती है. पुलिस का पैदल मार्च शेष गांवों में होता है.
चांदन नदी पर पुल निर्माण का रास्ता साफ
नयी सड़क की स्वीकृति मिलने से चांदन नदी पर रढ़िया गांव के समीप दूसरे पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. डेढ़ वर्ष पूर्व रढ़िया गांव के समीप चांदन नदी पर पुल का शिलान्यास हुआ था, लेकिन नदी के उस पार पक्की सड़क का लिंक नहीं रहने के कारण पुल का टेंडर नहीं हो पाया था व पुल की स्वीकृति रद्द हो गयी थी. अब नदी के उस पार नयी सड़क का निर्माण होने से पुल निर्माण का भी रास्ता साफ हो गया व पुल बनने की संभावना बढ़ गयी है.
बिहार से जुड़ेगा रास्ता
राज्य संपोषित योजना के तहत विधायक नारायण दास की अनुशंसा पर पुल की स्वीकृति ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दी गयी है. मुख्य अभियंता ने 12 सितंबर को पुल का एग्रीमेंट कार्यकारी एजेंसी के साथ किया है. इस सड़क के बनने से बिहार के कटोरिया, जयपुर व चांदन तक नया रास्ता मिलेगा तथा इन क्षेत्रों से वाहनों का आवागमन देवघर जिले में हो पायेगा. सड़क की स्वीकृति मिलने पर 20 सूत्री अध्यक्ष मिथिलेश सिन्हा, रढ़िया पंचायत के मुखिया राजकिशोर यादव, पूर्व उपमुखिया अरुण मंडल, मनोहर मंडल आदि ने खुशी प्रकट करते हुए विधायक को धन्यवाद दिया है.
