जसीडीह: स्वच्छता ही सेवा पखवारा के तहत बुधवार को देवघर प्रखंड के कोंकरीबाक पंचायत स्थित कोंकरीबांक गांव में स्वच्छता सप्ताह मनाया गया. उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वच्छता कलश यात्रा निकालकर भ्रमण किया व सफाई के प्रति जागरूकता का संदेश दिया. उन्होंने बच्चों के बीच कपड़ा वितरण किया व गांव में शौचालय निर्माण कार्य प्रगति का जायजा लिया.
उन्होंने शौचालय निर्माण में ईंट जोड़ाई कर उत्साह बढ़ाया. डीसी ने कहा कि अबतक 27 हजार शौचालय बन चुके हैं, अप्रैल 2018 तक 50 हजार से अधिक शौचालय बनाये जायेंगे. पूरी तरह से जिले को बाह्य शौच से मुक्त करने का लक्ष्य है. इस क्रम में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की ओर से दिये गये पोशाक, डस्टबीन, स्वच्छता किट को गांव के उपस्थित बच्चों के बीच वितरण किया.
इस अवसर पर डीडीसी जन्मेजय ठाकुर, एसडीओ सुधीर कुमार गुप्ता व आइओसी टर्मिलन प्रबंधक सुनील कुमार ने स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. इस अवसर पर पीएचडी कार्यपालक अभियंता राजेश रंजन, बीडीओ रजनीश कुमार, मुखिया संजू मुर्मू, पंसस अनीता देवी, पंचायत सचिव विशेश्वर राउत, नागेश्वर दास समेत कई लोग थे.
