देवघर: एसबी राय रोड बीच बाजार में दो दिन पहले कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा फायरिंग कर रात में दहशत कायम करने की कोशिश की गयी. हालांकि घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आरोपितों की पहचान कर पुलिस ने उनलोगों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी.
आरोपितों की खोज में रविवार देर रात तक नगर पुलिस ने छापेमारी की. हालांकि अब तक पुलिस किसी आरोपित को नहीं दबोच सकी है. घटना के बाद से ही पुलिस ने बाजार में गतिविधि तेज कर दी है. लोग भयमुक्त माहौल में उत्सवी बाजार कर सकें, किसी को कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखते हुए चौक-चौराहों पर बाइकर्स पुलिस की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. पुलिस की सक्रियता के बाद से असामाजिक तत्व भी अंडरग्राउंड हो गये हैं. पुलिस का कहना है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. वे लोग निगरानी में लगे हैं, कहीं भी असामाजिक तत्व अशांति फैलाने की कोशिश किये तो वे दबोच लिये जायेंगे.
बदमाश हैं पूर्व के कांडों का आरोपित : सूत्रों की मानें तो बाजार में वर्चस्व स्थापित करने की नीयत से असामाजिक तत्व मौका पाकर फायरिंग कर रहे हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाले पूर्व के चर्चित अपराध मामलों के आरोपित हैं. पुलिस उनलोगों की पहचान कर ली है. उनलोगों की तलाश में जगह-जगह गोपनीय सूचना संकलन करायी जा रही है. अगर कहीं भी नजर आये, तो पुलिस उनलोगों को छोड़ने वाली नहीं है. गुटबंदी कर असामाजिक तत्व बाजार पर दबाव कायम करने की कोशिश में है. असामाजिक तत्वों की गुट में कई नये टीनएजर्स भी जुड़ गये हैं. पुलिस ने उनलोगों की भी पहचान कर ली है.
