देवघर: स्टेट बैंक अॉफ इंडिया, साधना भवन मेन ब्रांच में पेपरलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए ग्रीन रेमिट कार्ड की शुरुआत की गयी है. एटीएम-कम-डेबिट कार्ड की ही तरह ग्रीन रेमिट कार्ड के माध्यम से भी लोग अपने कार्ड को स्कैन कर अपने खाते में तुरंत पैसा जमा करा सकते हैं. ग्रीन रेमिट कार्ड के माध्यम से एक बार में अधिकतम 25 हजार रुपये जमा किये जा सकते हैं लेकिन एक माह में इसकी अधिकतम सीमा एक लाख रुपये है.
ग्रीन रेमिट कार्ड की विशेषता
इस कार्ड को स्कैन करके उपभोक्ता एक महीने में 25 हजार से एक लाख तक का ट्रांजेक्शन कर सकते हैं. यह फास्ट ट्रांजेक्शन सिस्टम है. एसबीआइ ग्रीन रेमिट कार्ड बिना पिन का एक साधारण मेग्नेटिक स्ट्रिप कार्ड है. इस कार्ड का लक्ष्य नॉन-होम नकदी जमा को प्रोत्साहित करना है. लेन-देन को ग्रीन चैनल काउंटर (जीसीसी)/नकदी जमा मशीन (सीडीएम) के माध्यम से किया जाता है.
जीआरसी से लेनदेन
- पैसा भेजने वाला ग्राहक किसी भी जीसीसी शाखा या सीडीएम में जाकर पूर्व निर्धारित एसबीआइ खाते में नकदी जमा कर सकते हैं.
- जब कार्ड स्वाइप किया जाता है तो स्क्रीन पर पुष्टि करने के लिए खाते का विवरण आ जाता है.
- ग्राहक को धनराशि डालने का संकेत दिया जाता है तथा उसके बाद राशि लेकर उसके सत्यापन के बाद पावती निकल आती है.
- सफल लेन-देन के तुरंत बाद पैसे भेजने वाले एवं प्राप्तकर्ता दोनों को एसएमएस प्राप्त होता है.
- लाभार्थी के एसबीआइ खाते में लेन-देन राशि तथा कार्ड नंबर को अद्यतन कर दिया जाता है.
फास्ट ट्राजेक्शन व समय की बचत होगी : डीजीएम
देवघर जोन के डीजीएम परेश चंद्र बारीक ने बताया कि इस सुविधा की शुरुआत करने का मुख्य उद्देश्य पेपरलेस कामकाज को बढ़ावा देना है. इससे फास्ट ट्रांजेक्शन हो पायेगा और लोगों के समय की भी बचत होगी.
