देवघर: देवघर जिले में लगातार सिक्कों के प्रचलन को लेकर उड़ रही अफवाह और लेन-देन नहीं करने की शिकायतों को डीसी ने गंभीरता से लिया है. लोगों की समस्याओं से संबंधित खबरों से प्रभात खबर ने लगातार प्रशासन और बैंकों का ध्यान आकृष्ट कराया है. सिक्कों के प्रति फैल रही अफवाहों और भ्रम को लेकर बुधवार को बरमसिया स्थित स्टेट बैंक ट्रेनिंग सेंटर में डीसी राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बैंक अधिकारियों व प्रतिनिधियों की बैठक हुई.
उम्र कैद तक की सजा का प्रावधान : बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में डीसी ने कहा कि सिक्कों से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें. ये भ्रम पैदा करने की मात्र एक कोशिश है और एक अफवाह है. सभी तरह के सिक्के पूर्णतः वैध हैं. डीसी ने 16 अगस्त को जारी आरबीआइ गाइड लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि सभी बैंकों में सिक्कों का लेन-देन लगातार जारी है. प्रति व्यक्ति एक दिन में एक हजार रुपये तक के सिक्के बैंकों में जमा कर सकते हैं. डीसी ने सख्त लहजे में कहा कि जिन बैंकों द्वारा गाइडलाइन का पालन नहीं किया जायेगा या जो कोई भी इन सिक्कों को अवैध बतायेगा आइपीसी की धारा-124(।) के तहत देशद्रोह का केस चलाया जायेगा. दोष सिद्ध होने पर सश्रम उम्र कैद तक की सजा का प्रावधान है.
थाने में दे शिकायत: डीसी ने देवघरवासियों से अपील की है कि सभी एक से 10 रुपये तक के सिक्के वैध हैं. इस संबंध में किसी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान नहीं देें और पहले की ही तरह लेन-देन करें. सिक्के बाजार में लगातार प्रचलन में रहेगा तो कहीं परेशानी नहीं होगी. यदि फिर भी कोेई सिक्का लेने से इनकार करता है तो थाने में एफआइआर करवायें.
जनता निश्चिंत रहे, बैंकों में सिक्कों का लेन-देन होता रहेगा : डीजीएम
एसबीआइ देवघर जोन के डीजीएम परेश चन्द्र बारीक ने सिक्कों को लेकर देवघर डीसी की पहल का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रशासनिक पहल से सिक्कों को लेकर उड़ रही अफवाह पर विराम लगेगा. श्री बारीक ने कहा कि सभी एक से 10 रुपये तक के सिक्के वैध हैं. बैंक की ओर से आम जनता निश्चिंत रहें क्योंकि बैंकों में सिक्कों का लेन-देन चलता रहेगा. डीजीएम ने कहा कि श्रावणी और भादो मेले के दौरान 50 लाख से अधिक फ्लोटिंग पोपुलेशन श्रद्धालु के रूप में देवघर आये. तीर्थ स्थल होने के कारण अन्य जगहों की तुलना में बाबाधाम में सिक्कों का प्रचलन काफी संख्या में हो गया है. लगातार लेन-देन से ही इस समस्या का समाधान होगा. इसलिए सिक्कों का लेन-देन सभी बैंक, व्यापारी वर्ग, आम जन लगातार करते रहें और सिक्कों को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें. इस अवसर पर इलाहाबाद बैंक के जोनल हेड एसके घोषाल, एसबीआइ मुख्य शाखा एजीएम कुमार उमेश्वर सिंह सहित सभी बैंकों के प्रबंधक व प्रतिनिधि मौजूद थे.
