फाइन माफ होते ही टैक्स जमा करने की बढ़ी रुचि
पिछले एक माह में तीन गुणा बढ़ोतरी
एक माह में होल्डिंग टैक्स के रूप में जमा हुए करीब दो करोड़
देवघर : नगर विकास विभाग ने जब से फाइन माफ करने की घोषणा की है, तब से होल्डिंग टैक्स जमा करने वालों में बेतहाशा वृद्धि हुई है.
देवघर नगर निगम में अप्रैल से जून तक जहां तीन माह में 3757 लोगों ने होल्डिंग टैक्स जमा किया था, वहीं पिछले एक माह में 9233 लोगों ने सैफ फॉर्म व होल्डिंग टैक्स जमा किया. इससे विभाग को एक करोड़ 98 लाख 83 हजार 117 रुपये बकाया टैक्स राशि के रूप में जमा किये गये.
दो जगहों पर खोले गये अतिरिक्त काउंटर : होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए निगम कार्यालय स्थित एजेंसी के काउंटर में भीड़ को देखते हुए दो जगहों में भी अतिरिक्त काउंटर खोला गया.
कंपनी ने निगम कार्यालय के अलावा नगर निगम के सामने व वार्ड नं 18 के बम बम बाबा पथ स्थित अविनाश भवन में एक काउंटर खोला गया है. इससे लोगों को काफी सुविधा हो रही है. इस संबंध में सिटी मैनेजर प्रकाश मिश्र ने बताया कि फाइन माफ होने से लोगों में टैक्स जमा करने की भीड़ लगी है. लोग खुद काउंटर पर आकर होल्डिंग टैक्स जमा कर रहे हैं.
