देवघर: श्रावणी मेले के दौरान मातृ मंदिर बालिका उच्च विद्यालय में पुलिस बल को ठहराया गया था. मेला संपन्न होने के बाद सभी पुलिस कर्मी फिर अपने अपने जिलों में लौट गये, लेकिन स्कूल को पूरी तरह से गंदा कर दिया. जबकि नियम के अनुसार पूरे स्कूल परिसर की सफाई करवा देनी थी. लेकिन अब इसका खामियाजा स्कूल प्रबंधन व वहां पढ़ने वाली छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है.
कक्षा के समने फैली गंदगी की वजह से दुर्गंध पैली है. मच्छरों की वजह से पढ़ाई करने में काफी परेशानी हो रही है. स्कूल के शौचालय की हालत भी बदतर है. स्कूल परिसर में भारी वाहनों के प्रवेश की वजह से जहां तहां-गड्डा व कीचड़ हो गए हैं.
छात्रा सृष्टि कुमारी ने कहा कि पंखा नहीं होने की वजह से गरमी लगती है. दुर्गंध से कक्षा में बैठना मुश्किल हो रहा है. साक्षी जायसवाल ने कहा कि गंदगी से स्कूल में मच्छर का प्रकोप बढ़ गया है . इससे परेशानी हो रही है. अदीति मिश्रा ने कहा: बाथरूम जाने में परेशानी हो रही है. गंदगी से यहां प्रवेश नहीं किया जा सकता है. आराधना कुमारी ने कहा कि गंदगी पूरे परिसर में हो गयी है. इसकी सफाई की व्यवस्था पुलिस प्रशासन को तुरंत करनी चाहिए.
कहते हैं प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य राजनारायण खवाड़े ने कहा कि गंदगी की वजह से पढ़ाई बाधित हो रही है. सफाई के लिये हमने निगम को पत्र भेजा है, लेकिन ये लाेग सिर्फ बाहरी हिस्से को साफ करने की बात करते हैं. एेसे में परेशानी कम होती नहीं दिख रही है. आगे जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखा जा रहा है.
