साइबर ठगी के आरोप में दो गिरफ्तार, नौ फरजी सिम व 10 मोबाइल बरामद मोबाइल पर देते थे झांसा, उड़ा लेते थे रुपये

करौं : कोलडीह गांव में पुलिस ने छापेमारी कर दो साइबर अपराध के आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा. बताया जाता है कि गिरफ्तार युवक कोलडीह गांव के पिंकू मंडल व करमाटांड थाना क्षेत्र के सलैया गांव का विक्रम कुछ अन्य लोगों के साथ टोली बना कर सुनसान जगह पर मोबाइल से खुद को बैंक मैनेजर बता […]

करौं : कोलडीह गांव में पुलिस ने छापेमारी कर दो साइबर अपराध के आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा. बताया जाता है कि गिरफ्तार युवक कोलडीह गांव के पिंकू मंडल व करमाटांड थाना क्षेत्र के सलैया गांव का विक्रम कुछ अन्य लोगों के साथ टोली बना कर सुनसान जगह पर मोबाइल से खुद को बैंक मैनेजर बता कर लोगों को लगातार फोन कर रहे थे. इसकी सूचना पुलिस को मिली. थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी कर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया.
उनके साथी भाग निकले. गिरफ्तार युवक के पास से नौ फरजी सिम के अलावा 10 मोबाइल फोन बरामद किये गये. इस संबंध में एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह व पालोजोरी पुलिस निरीक्षक बीके सिंह ने आरोपियों से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार पूछताछ के क्रम में साइबर अपराध में संलिप्त होने की बात दोनों ने स्वीकार कर ली है.
कहते हैं एसडीपीओ
दोनो ही आरोपितों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उन्हें जेल भेजा जाएगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
-अशोक कुमार सिंह, एसडीपीओ, मधुपुर
हरियाणा पुलिस का छापा
मधुपुर. साढ़े आठ लाख की साइबर ठगी के मामले में हरियाणा के फतेहबाद जिले की जाखल पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के दारवे गांव में छापेमारी कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. मामले में सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस की एक टीम मधुपुर पहुंची थी. स्थानीय पुलिस के सहयोग से सिम विक्रेता को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व साइबर अपराधियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर जाखल में एक व्यवसायी को फोन किया. उसका एटीएम लॉक होने की बात कहते हुए एटीएम नंबर व पिन हासिल कर लिया. उसके बाद बैंक खाते से साढ़े आठ लाख की निकासी कर ली. घटना को लेकर जाखल थाने में एक मामला दर्ज किया गया है. अनुसंधान के क्रम में पता चला कि साइबर अपराध में जिस सिम का इस्तेमाल किया है वह मधुपुर थाना क्षेत्र का है. इस सिम को जगदीशपुर स्थित एक दुकान से बेचा गया है. इधर हिरासत में लिये गये दुकानदार ने पुलिस को बताया कि उक्त सिम उसकी दुकान से नहीं बेचा गया था बल्कि मधुपुर के एक व्यक्ति ने छतरी वाली दुकान लगा कर कहीं बेचा है. इसमें उसकी दुकान की मुहर का इस्तेमाल किया गया था. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >