जानकारी के अनुसार, ठाढ़ी गांव निवासी लालू यादव का बेटा बिरंजय ठाढ़ी उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पांचवीं कक्षा का छात्र था. बुधवार की रात लालू यादव ने मोहनपुर थाने अपने बेटे के घर से चले जाने के बाद गायब होने की शिकायत दर्ज करायी थी. पिता के अनुसार, बुधवार की सुबह मां ने पुत्र विरंजय को स्कूल जाने को कहा. इतनी सी बात पर विरंजय घर से गुस्से में निकल गया व वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी वापस नहीं आने पर थाने में सूचना दी गयी. दूसरे दिन गुरुवार की शाम कुआं में बिरंजय का शव होने की जानकारी मिली. इसके बाद परिजनों ने शव निकाला. इस घटना से पूरा परिवार शोक में डूब गया. सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया जाता है कि बिरंजय को जब उसकी मां ने स्कूल जाने को कहा तो वह गुस्सा कर कुआं के समीप पम्पसेट के लिए खोदे गये गड्ढे में छिप गया. इस दौरान गड्ढे में फिसलने से वह कुआं में जा गिरा. इससे उसकी मौत हो गयी. बिरंजय के पिता बुधवार को सुल्तानगंज से कांवर लेकर लौट रहे थे, लेकिन बेटे के गायब होने की सूचना मिलने पर शाम में ही आधे रास्ते से गांव लौट आये. वहीं चाचा व दादा दंड देकर सुल्तानगंज से देवघर आ रहे थे, उन्हें सूचना दी गयी तो वे लोग भी देवघर की ओर निकल पड़े.
