भाजपा नेता नरेंद्र यादव हत्याकांड: पूर्व मुखिया समेत सात के घर में छापा, कॉल डिटेल से खुलेगा हत्या का राज
देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बलथर मुखिया के भाई व भाजपा किसान मोरचा प्रखंड अध्यक्ष नरेंद्र यादव हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार की रात सात आरोपितों के घर छापेमारी की. थाना प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस डुमरहार गांव में बलथर के पूर्व मुखिया के घर दो आरोपितों रामप्रसाद यादव व विनोद यादव की […]
देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बलथर मुखिया के भाई व भाजपा किसान मोरचा प्रखंड अध्यक्ष नरेंद्र यादव हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार की रात सात आरोपितों के घर छापेमारी की. थाना प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस डुमरहार गांव में बलथर के पूर्व मुखिया के घर दो आरोपितों रामप्रसाद यादव व विनोद यादव की तलाश में पहुंची. लेकिन दोनों आरोपित घर से फरार थे. पुलिस की टीम मुख्य आरोपित प्रेम यादव की तलाश में पहले बलथर समेत बुढ़वाकुरा व आसपास के ठिकाने में छापेमारी की.
लेकिन पता नहीं चलने पर पुलिस प्रेम के पैतृक गांव बिहार के जयपुर ओपी क्षेत्र स्थित धनियामारनी गांव तक पहुंची. पुलिस की भनक लगते ही प्रेम धनियामारनी से फरार हो चुका था. पुलिस ने अन्य आरोपित गोपाल यादव, मुरारी यादव, विजय यादव व बासुदेव यादव की गिरफ्तारी के लिए बलथर व बाबूपुर गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस दौरान एक भी आरोपित घर पर नहीं मिले. थाना प्रभारी बुधवार को नरेंद्र के भाई मुखिया सुरेंद्र यादव से मिले व कुछ अन्य जानकारियां हासिल की.
नरेंद्र यादव हत्याकांड में पुलिस झालर नदी से बरामद नरेंद्र का क्षतिग्रस्त सिम को जांच का अहम बिंदु मान रही है. अपराधियों द्वारा सीम क्षतिग्रस्त करने के बाद अब सिम नंबर के कॉल डिटेल्स खंगालने में पुलिस जुट गई है. पुलिस की तकनीकी टीम इस नंबर का कॉल डिटेल्स निकाल रही है. सूत्रों के अनुसार पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नरेंद्र को अंतिम कॉल किसने किया था व किसके कहने पर वे आनन-फानन में घर से निकले. नरेंद्र का बैजनाथपुर के घर से झालर तक पहुंचने की बिंदु पर भी पुलिस गहन ंछानबीन कर रही है.
जल्द खुलासा होने का दावा
नरेंद्र यादव की हत्या के मामले में पुलिस हर बिंदु पर पूरी सक्रियता के साथ जांच कर रही है. पुलिस इस हत्याकांड के उदभेदन के लगभग करीब पहुंच चुकी है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जायेगा.