वरीय संवाददाता, देवघर : मधुपुर थाना क्षेत्र के झुनका गांव निवासी एक दंपती को अज्ञात मोबाइल धारक ने कॉल कर उनके बैंक एकाउंट बंद होने का झांसा देकर पैन कार्ड ले लिया और 1.97 लाख रुपये की ठगी कर ली. इस संबंध में पीड़ित मो जमील अख्तर मामले की शिकायत देने शनिवार दोपहर में साइबर थाना पहुंचे. जमील ने साइबर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि 13 फरवरी को उसके मोबाइल पर किसी अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को बंधन बैंक का मैनेजर बताते हुए उसके व उसकी पत्नी का बैंक खाता बंद होने की बात कही और झांसा देकर पैन कार्ड का फोटो व्हाट्सएप पर भेजने को कहा. पीड़ित ने झांसे में आकर पैन कार्ड उसके व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया. कुछ देर बाद उसी व्यक्ति ने अपना बैंक ऑफ बड़ोदा का एटीएम वीडियो काॅल करके दिखाते हुए कुछ प्रोसेस करने को कहा. उसके बताये गये संकेतों को पीड़ित ने दोहराया, तो कुछ देर बाद खाते से चार बार में कुल 1.97 लाख रुपये की अवैध निकासी हो गयी. अवैध निकासी से संबंधित मैसेज मिलने के बाद उससे पूछा गया, तो उसने पैसा वापस हो जाने की बात कही. उसका पैसा तो वापस नहीं हुआ तथा आरोपित का मोबाइल बंद बताने लगा. इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ, तो वह शिकायत देने साइबर थाना पहुंचा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
