गिरिडीह. झारखंड के दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादश कार्यक्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए. सभी ने हरसिंगरायडीह स्थित उनके आवास उत्सव उपवन पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य नेताओं का आगमन गिरिडीह के बोडो हवाई अड्डे पर हुआ. यहां से मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक सड़क मार्ग से उत्सव उपवन पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, समर्थक, स्थानीय लोग और शुभचिंतक मौजूद रहे. पूरे परिसर में शोक और भावुकता का माहौल रहा.
ये भी पढ़ें: दिवंगत नेता सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कई मंत्री, जानें द्वादश कार्यक्रम में कौन-कौन हुए शामिल
कई मंत्री और विधायक हुए शामिल
द्वादश कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुआ, इरफान अंसारी और हफीजुल हसन समेत कई मंत्री पहुंचे. कोडरमा विधायक नीरा यादव सहित अन्य विधायक और जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी. नेताओं ने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
हेमंत सोरेन ने कहा- पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को गिरिडीह के साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के मजबूत स्तंभ थे और संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अपनी जिम्मेदारियों का प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया. उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू से उनका लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा था. उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है.
परिजनों से मिलकर जतायी संवेदना
द्वादश कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री समेत पहुंचे मंत्रियों, विधायकों और अन्य नेताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के परिजनों से मुलाकात की. सभी ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही. बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद से गिरिडीह में शोक का माहौल है. द्वादश कार्यक्रम में पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के राजनीतिक जीवन और संगठन में उनके योगदान को याद किया. साथ ही उनके अधूरे कार्यों और विकास से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने की बात कही.
ये भी पढ़ें: सुदिव्य कुमार सोनू के परिजनों से मिलकर भावुक हुईं कल्पना सोरेन, कहा- 'सोनू भैया की कमी कभी पूरी नहीं होगी'
