रांची में ऑटो परिचालन को लेकर दो पक्ष भिड़े, मारपीट-छिनतई के आरोप में दोनों ओर से FIR

रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में ऑटो चलाने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, तोड़फोड़ और पैसे व गहने छीनने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट

रांची. चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती कॉलोनी में ऑटो परिचालन को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, तोड़फोड़ और छिनतई का आरोप लगाया गया है. मामले में दोनों पक्षों ने चुटिया थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पहले पक्ष ने लगाया मारपीट और छिनतई का आरोप

सुनीता देवी ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति मुन्ना गिरी ने अपना ऑटो गुड्डू गुप्ता को चलाने के लिए दिया था. ऑटो लेकर गुड्डू गुप्ता अन्य युवकों के साथ वापस लौटा. देर से लौटने का कारण पूछने पर विवाद हुआ और आरोप है कि गुड्डू गुप्ता ने चाकू से हमला कर दिया.

शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे सुनीता देवी के बेटे अजय कुमार के साथ भी मारपीट की गयी. सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि उनके साथ अभद्रता की गयी, बाल पकड़कर खींचा गया और पेट में लात मारी गयी. उन्हें सड़क पर घसीटने से कपड़े फटने का भी आरोप लगाया गया है.

सुनीता देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि इस दौरान उनकी जेब से 19,600 रुपये नकद, करीब 12 ग्राम की सोने की चेन और मंगलसूत्र छीन लिया गया. उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. मामले में गुड्डू गुप्ता, पप्पू गुप्ता, सूरज गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, विष्णु गुप्ता, हर्ष पांडेय और लोल सिंह को अभियुक्त बनाया गया है.

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज करायी प्राथमिकी

दूसरे पक्ष से पप्पू कुमार गुप्ता ने भी चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उनकी शिकायत के अनुसार, वह रेलवे कॉलोनी पब्लिक चौक के पास अपनी ऑटो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान मुन्ना गिरी, उनकी पत्नी सुनीता देवी, सुनीता देवी के भाई और बेटे गोलू गिरी ने हथियार से लैस होकर उन पर और उनकी पत्नी रेणु देवी पर हमला कर दिया.

पप्पू गुप्ता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी पत्नी के कपड़े फाड़ दिये गये और उन्हें सड़क पर घसीटा गया. साथ ही उनके गले से सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया गया है. शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गयी.

पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों की ओर से लगाये गये आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम प्रभात खबर डिजिटल में डिजिटल पत्रकार हैं. पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और झारखंड से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों, खेल, शिक्षा, लाइफस्टाइल और धर्म से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के लिए जिलों की खबरें कवर कर रहे हैं.

इससे पहले वर्ष 2023-24 में उन्होंने प्रभात खबर के खेल डेस्क के लिए खबरें लिखीं. वर्ष 2024-26 के दौरान वे न्यूज11 भारत के साथ झारखंड की खबरों पर काम कर चुके हैं. स्थानीय घटनाक्रम और जमीनी मुद्दों को सरल, स्पष्ट और प्रभावी तरीके से डिजिटल पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता का प्रमुख हिस्सा रहा है.

झारखंड के समाचार, खेल, शिक्षा, लाइफस्टाइल और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता में खबरों को पाठकों के लिए उपयोगी, रोचक और सहज बनाने के साथ इन विषयों पर अपने विचार और विश्लेषण प्रस्तुत करना भी पसंद करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >