चतरा. चतरा के अव्वल मुहल्ला काली मंदिर के समीप बुधवार को ग्लोबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का उदघाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया. इस अवसर पर विधायक जर्नादन पासवान, पूर्व विधायक अकेला यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर काम कर रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि इलाज के नाम पर ठगी या अधिक शुल्क लेने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई होगी.
जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टर और एंबुलेंस उपलब्ध कराये जायेंगे
स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि चतरा सदर अस्पताल में जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टर और एंबुलेंस उपलब्ध कराये जायेंगे. उन्होंने कहा कि यदि सांसद और विधायक मेडिकल कॉलेज की मांग करते हैं तो उस पर विचार किया जायेगा. मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाह चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को बख्शा नहीं जायेगा.
हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. आसिफ इकबाल ने बताया कि यह अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं से लैस है तथा कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध करायेगा. मैनेजिंग डायरेक्टर उमर हसनैन समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे. इस अस्पताल के शुरू होने से चतरा और आसपास के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.