तीन बच्चों की मौत के सदमे से उबर नहीं पायी महिला गिद्धौर. थाना क्षेत्र की द्वारी पंचायत अंतर्गत भुईयां टोला झरना गांव निवासी राधा देवी (36), पति गंगवा भुईयां ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मुखिया जगदीश यादव ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं महुआ डोरी चुनने के लिए राधा देवी को बुलाने गयी थीं. काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो लोगों ने घर के भीतर जाकर देखा. वहां राधा देवी साड़ी के सहारे फांसी के फंदे से लटकती मिली. बताया जाता है कि मृतका का पति दिल्ली में मजदूरी करता है. ग्रामीणों ने बताया कि राधा देवी मानसिक रूप से कमजोर थीं. करीब सात वर्ष पूर्व पूरा परिवार हजारीबाग स्थित एक ईंट भट्ठा में काम करने गया था. इसी दौरान झोपड़ी में अचानक आग लग गयी थी, जिसमें महिला के तीनों बच्चों की झुलसकर मौत हो गयी थी. इस हादसे के बाद से ही वह गहरे सदमे में रहती थीं और उनका मानसिक संतुलन भी प्रभावित हो गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
तीन बच्चों की मौत के सदमे से उबर नहीं पायी महिला
