चतरा: कुंदा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद कालीचरण सिंह और विशिष्ट अतिथि विधायक जनार्दन पासवान ने किया.
इस दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत, नुक्कड़ नाटक, नृत्य और गीत के माध्यम से वन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कार्यक्रम में सांसद और विधायक ने वन विभाग की ओर से निर्मित स्थायी पौधशाला का उद्घाटन भी किया.
पौधरोपण और संरक्षण पर दिया गया जोर
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि स्थायी पौधशाला स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी. उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की.
विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं. उन्होंने ग्रामीणों से पेड़ों की कटाई रोकने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की. डीएफओ राहुल मीणा ने कहा कि एक पेड़ सौ पुत्रों के समान है. उन्होंने लोगों से प्रतिबंधित अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसल अपनाने की अपील की.
अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया. मौके पर बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा, जिला परिषद उपाध्यक्ष ममता कुमारी, रेंजर रवींद्र कुमार, एसएसबी कमांडेंट संजय कुमार, थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती समेत वन विभाग के कर्मचारी, शिक्षक, ग्रामीण और अन्य लोग मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: नो पार्किंग से ओवरस्पीड तक... रांची में 3504 चालान, बिना हेलमेट के सबसे ज्यादा 1876 मामले
