चतरा से दीनबंधू और धर्मेंद्र की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने शुक्रवार की शाम बगरा-लावालौंग पथ स्थित गोठाई गांव के पास छापेमारी कर एक किलो 113 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, एक अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है.
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के जलमा गांव निवासी राजू गंझु (पिता स्वर्गीय पच्चू गंझु) और रामदेव गंझु (पिता कैलाश गंझु) के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. फरार आरोपी की पहचान सराराज गंझु के रूप में की गई है.
गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम
सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नागरगोजे शुभम भाउसाहेब ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि गोठाई गांव के समीप जंगल क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री करने के लिए जुटे हुए हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम बगरा-लावालौंग रोड के किनारे स्थित जंगल क्षेत्र में पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद तस्कर भागने लगे. हालांकि जवानों ने पीछा कर दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया.
तलाशी में बरामद हुई अफीम
गिरफ्तार किए गए राजू गंझु की तलाशी लेने पर उसके कमर में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के थैले से एक किलो 113 ग्राम अफीम बरामद की गई. पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई पूरी की. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अफीम की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे. पुलिस ने बरामद अफीम और मोबाइल फोन को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में सिमरिया थाना कांड संख्या 99/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, स्कॉर्पियो की किस्त का पैसा न देने पर ले ली जान!
नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब ने कहा कि जिले में अफीम, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस किसी भी कीमत पर नशे के कारोबारियों को बख्शने वाली नहीं है. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. इस छापेमारी अभियान में एसडीपीओ के अलावा सीओ गौरव कुमार राय, थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राजू राणा तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: दुमका के मसलिया में साइबर अपराधियों का आतंक, वार्ड सदस्य का मोबाइल हैक
