गिद्धौर. प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. इससे आम लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है. आए दिन बाइक, घर और अन्य स्थानों को अज्ञात चोर निशाना बना रहे हैं. चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं.
मुर्गी फार्म से 25 बोरा दाना चोरी
इसी क्रम में गिद्धौर थाना क्षेत्र के पेकसा स्थित आम तरी मुर्गी फार्म में चोरी का मामला सामने आया है. घटना को लेकर फार्म संचालक अशोक दांगी ने थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में कहा गया है कि मुर्गी फार्म में उनका स्टाफ सो रहा था. इसी दौरान चोर फार्म से 25 बोरा दाना चोरी कर फरार हो गये. इससे करीब 62,500 रुपये का नुकसान हुआ है.
दो फार्म से इन्वर्टर और बैटरी चोरी
वहीं, रोहमर गांव स्थित दो मुर्गी फार्म से अज्ञात चोरों ने इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली. भुक्तभोगी भोला दांगी और उदय यादव ने बताया कि दोनों को करीब 25-25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. दोनों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में आवेदन दिया है.
रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गयी है. भुक्तभोगियों ने पुलिस से रात्रि गश्ती तेज करने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है.
