चतरा. जितनी मोड़-पत्थलगड्डा पथ स्थित नावाडीह के कुमारन स्थान के पास बना रेलवे का ओवरब्रिज करीब एक साल पूर्व तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक संपर्क पथ का निर्माण नहीं हुआ है. इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. संपर्क पथ में डाले गये बोल्डर के कारण सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वालों और बाइक सवारों को हो रही है. हर रोज बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं.
एक साल बाद भी नहीं बना संपर्क पथ
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे विभाग और संवेदक की लापरवाही के कारण संपर्क पथ का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है. ओवरब्रिज बनकर तैयार होने के बावजूद रास्ता अधूरा रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. संपर्क पथ में डाले गये बोल्डर से बाइक चलाना मुश्किल हो गया है.
अधिकारियों से कई बार कर चुके हैं मांग
ग्रामीणों ने संपर्क पथ का निर्माण जल्द कराने की मांग को लेकर कई बार रेलवे के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दिया गया. इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या झेलने के बावजूद रेलवे विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.
रेलवे लाइन का निर्माण रोकने की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द संपर्क पथ का निर्माण नहीं कराया गया, तो वे रेलवे लाइन का निर्माण कार्य रोक देंगे. पूर्व मुखिया मेघन दांगी, तारकेश्वर राणा, नरेश प्रसाद, महावीर प्रसाद, अनिल दांगी और कृष्णा दांगी समेत कई अन्य ग्रामीणों ने उपायुक्त से अविलंब संपर्क पथ का निर्माण कराने की मांग की है.
