दीनबंधू
चतरा : भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया. इस दौरान कुछ देर के लिए केसरी चौक पर तनावपूर्ण माहौल बन गया. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुतला दहन करने से रोक दिया. भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सुमन सौरव के नेतृत्व में पुतला दहन करने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता केसरी चौक पहुंचे थे. श्रीनिवास की गिरफ्तारी के विरोध में नारेबाजी किया. पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला छीन लिया, जिसके बाद पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई.
मौके पर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा की पुलिस राज्य सरकार के दबाव में कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री के इशारे पर पुलिस हिटलरशाही रवैया अपना रही है. लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार का भी हनन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दमनकारी नीति अपनाकर उन्हें जेल भेजती रही है, उसी प्रकार झारखंड में भी हेमंत सोरेन सरकार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है. मौके पर अमित साहु,सत्येंद्र दांगी समेत कई शामिल थे.
