प्रतापपुर. प्रखंड के बरूरा पंचायत के नारायणपुर में शुक्रवार की देर शाम वज्रपात में लालजीत भारती (42) की मौत हो गयी. घटना के वक्त वह घर के दरवाजे के पास खड़े थे. इस दौरान बगल के पेड़ पर ठनका गिरा. इसके चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. पुलिस शव को कब्जे में कर सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. मुखिया मनीष कुमार ने परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. मृतक की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण अंतिम संस्कार के लिए मुखिया ने सहयोग किया.
वज्रपात से आधा दर्जन मवेशी की मौत: इधर, प्रखंड के हुमाजांग के बसबुट्टा तुंबिया जंगल में शनिवार को वज्रपात से आधे दर्जन मवेशियों की मौत हो गयी, जबकि दो मवेशी घायल हो गये. चरवाहा महजर महतो बाल-बाल बचे. मवेशी महजर महतो, अशोक यादव, संतोष यादव का था. भुक्तभोगी तीनों भाई है. घटना के वक्त सभी मवेशी बारिश से बचने के लिए एक महुआ के पेड़ के नीचे थे. उसी वक्त वज्रपात हुई. भुक्तभोगी गाय का दूध बेच कर जीविकोपार्जन करते थे. घटना में एक लाख रूपये का नुकसान हुआ है. उपायुक्त से मुआवजा की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
