चतरा: झारखंड के चतरा शहर के सदर थाना क्षेत्र के नगवां निवासी ऑटो चालक तिलक यादव के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने तिलक यादव को बिहार के गया जिले के धनगांई थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद करते हुए घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
अपहरण करने में इटखोरी और धनगांई लोग शामिल
शुक्रवार को चतरा एसपी अनिमेष नैथानी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इटखोरी थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी कैलाश दांगी (पिता स्व. बालदेव दांगी) और बिहार के गयाजी जिला धनगांई थाना पतलुका गांव के मनोज कुमार (पिता विदेशी मंडल) शामिल हैं. घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक (जेएच-13के-8511) के अलावा दो मोबाइल जब्त किया गया.
अपहरणकर्ताओं तक ऐसे पहुंची पुलिस
उन्होंने बताया कि तिलक यादव के भाई सरेंद्र यादव के लिखित आवेदन के आधार पर 16 सितंबर को सदर थाना कांड संख्या 390/26 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से तिलक की तलाश शुरू की. लगातार कार्रवाई करते हुए बिहार के धनगांई थाना क्षेत्र में सुराग मिला. इसके बाद टीम ने वहां छापामारी कर तिलक यादव को सकुशल बरामद कर लिया.
दूसरे आरोपियों की तलाश जारी
साथ ही घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापामारी की जा रही है. ऑटो चालक को परिजनों को सौंपा, परिजनों ने पुलिस के आभार जताया. बता दें कि ऑटो चालक तिलक यादव को 13 सितंबर से अपहरण कर लिया गया था.
दोनों का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी कैलाश दांगी के खिलाफ इटखोरी, चौपारण, शेरघाटी और सदर थाना में पूर्व से मामले दर्ज हैं. वहीं आरोपी मनोज कुमार के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह गया (बिहार) में अवैध शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है.
इसे भी पढ़ें: CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती
छापामारी टीम में ये थे शामिल
छापामारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, हंटरगंज के पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, एसआई अनुरंजन कुजूर, एसआई सुनील सिंह, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे, सदर थाना के एएसआई रविरंजन कुमार, तकनीकी शाखा व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: ऑपरेशन “सतर्क” के तहत RPF की कार्रवाई, रांची में ट्रेन से 18,840 रुपये की अवैध शराब जब्त
