चतरा-सिमरिया कॉलेज में खेलों का जोश, युवाओं ने लिया नशामुक्ति और फिटनेस का संकल्प

चतरा और सिमरिया कॉलेज में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। युवाओं को खेल, फिटनेस और नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

चतरा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और मेरा युवा भारत के तत्वावधान में गुरुवार को चतरा कॉलेज और सिमरिया कॉलेज में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था.

चतरा कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार झा ने क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद इकबाल कासिम और 400 मीटर बाधा दौड़ के खिलाड़ी सुजीत सिंह का स्वागत किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेल और फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया. उन्होंने खेल के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियों से भी युवाओं को अवगत कराया.

खिलाड़ियों से युवाओं ने पूछे सवाल

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों से खेल और उनके व्यक्तिगत जीवन से जुड़े सवाल पूछे. खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया.

कार्यक्रम में चतरा महिला कॉलेज के प्राचार्य बलदेव राम, चतरा कॉलेज के शिक्षक समेत अन्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम का समन्वय जिला युवा अधिकारी धीरेन्द्र कुमार और एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी अतुल आनंद तिर्की ने किया.

सिमरिया कॉलेज में भी युवाओं ने लिया हिस्सा

सिमरिया कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य मिथिलेश रजक, शिक्षक और बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का समन्वय एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सुचित सिंह ने किया. यहां खेल व्यक्तित्व और फुटबॉल कोच बासुदेव उरांव ने युवाओं से संवाद कर खेल से जुड़े अपने अनुभव साझा किये.

दोनों कॉलेजों में युवाओं को ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ का संकल्प दिलाया गया. वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. तसलीम

मो. तसलीम चतरा से 29 साल से प्रभात खबर के साथ जुड़े हैं. क्राइम रिपोर्टिंग, भ्रष्टाचार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि है. निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना इनकी पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >