गिद्धौर. प्रखंड अंतर्गत मारंगी मैदान में आयोजित सात दिवसीय मारंगी-सिंदूरबे फुटबॉल टूर्नामेंट शुक्रवार की देर शाम संपन्न हो गया. फाइनल मुकाबला कटकमसांडी के करीवासन और कान्हाचट्टी के सिंधु जोरी के बीच खेला गया. इसमें करीवासन की टीम ने सिंधु जोरी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया.
विजेता टीम को मिले दो खस्सी और शील्ड
शानदार प्रदर्शन करने वाली करीवासन की टीम को अतिथियों ने दो खस्सी और शील्ड देकर सम्मानित किया. वहीं, द्वितीय स्थान पर रही सिंधु जोरी की टीम को एक खस्सी और शील्ड देकर सम्मानित किया गया.
हार से हतोत्साहित न हों खिलाड़ी
मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीत और हार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. जो जीतता है, वही हारता है और जो हारता है, वही जीतता है. इसलिए किसी भी टीम को हार से हतोत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर राजद पार्टी किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजू लाल वर्मा, नागेश्वर यादव, रोहन यादव, किशुन उरांव, सुनील कुमार, दिलीप कुमार, अमित, राहुल आदि उपस्थित थे.
