चतरा पुलिस को बड़ी सफलता, 10 लाख रुपये का अफीम बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Chatra News: चतरा के इटखोरी थाना पुलिस ने दो किलो 28 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद अफीम की कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

चतरा से दीनबंधू और मो तसलीम की की रिपोर्ट

Chatra News: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. इटखोरी थाना पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य का अफीम बरामद किया है. इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इटखोरी थाना क्षेत्र से एक तस्कर कार के जरिए अवैध अफीम की खरीद-बिक्री करने जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और छापेमारी टीम का गठन किया गया.

छापेमारी में अफीम के साथ दबोचा गया तस्कर

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की जांच की. तलाशी के दौरान कार से दो किलो 28 ग्राम अफीम बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लिपदा गांव निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों की कीमत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है. चतरा और आसपास के इलाके लंबे समय से अफीम तस्करी के लिए संवेदनशील माने जाते रहे हैं. पुलिस का कहना है कि नशा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ इटखोरी थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में कांग्रेस ने अंचल अधिकारी के खिलाफ खोला मोर्चा, सीओ के खिलाफ थाने में कराया केस दर्ज

छापेमारी टीम में शामिल थे कई अधिकारी

इस कार्रवाई में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक अमिता लकड़ा, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार, दुखीराम महतो, ओमप्रकाश यादव और जयपाल उरांव सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: लातेहार के छिपादोहर में स्टेशन हटाने पर भड़के ग्रामीण, धरना-प्रदर्शन कर बंद कराया बाजार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >