रायगढ़ से गया जा रही बस पलटी, एक की मौत, पांच घायल

जोरी के मुरैनवा टोल प्लाजा के समीप बस का टायर फटने से हुई दुर्घटना

दुखद. जोरी के मुरैनवा टोल प्लाजा के समीप बस का टायर फटने से हुई दुर्घटना चतरा. चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के मुरैनवा टोल प्लाजा के समीप बदन नामक यात्री बस पलट गयी. इस घटना में बस में सवार बिहार के गया जी जिला वजीरगंज के अड़मा गांव निवासी रणधीर कुमार (पिता स्व कृष्णदेव सिंह) की मौत हो गयी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में बिहार जहानाबाद के राकेश कुमार (पिता रामाकांत शर्मा), गया जी जिला डुमरिया के गोशाला निवासी सुशील कुमार (पिता अंबिका भुईयां), चतरा जिले के प्रतापपुर की एघारा पंचायत जुड़ी निवासी अमृत कुमार (पिता चरितर भारती), बगरा निवासी सुजीत कुमार (पिता ब्रह्मदेव महतो) व कमलेश कुमार शामिल हैं. घटना का कारण बस का टायर फटना बताया जा रहा है. सभी घायलों को सदर अस्पताल चतरा लाया गया, जहां सुजीत की स्थिति गंभीर देख हजारीबाग रेफर कर दिया गया. रणधीर कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई थी. उसे गया रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी स्थिति और बिगड़ गयी, तब उसे हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से बिहार के गया जा रही थी. इस दौरान मुरैनवा टोल प्लाजा के कुछ दूर बस का अगला टायर ब्लास्ट कर गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गयी. राहगीरों ने घटना की जानकारी चतरा सदर, वशिष्ठ नगर जोरी पुलिस व एंबुलेंस को दी. सूचना पाकर वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल बल के साथ वहां पहुंचे और राहगीरों के सहयोग से राहत-बचाव कार्य में जुट गये. सभी घायलों को कई एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया. गंभीर रूप से घायल सुजीत को पहले हजारीबाग रेफर कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही से घायल रणधीर की मौत हुई है. समय पर प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी. बस में क्षमता से अधिक था सवारी : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे. बस की छत पर कई यात्री बैठे हुए थे. बस पलटने के बाद यात्रियों में अफरा तफरी का माहौल बन गया. सभी यात्री अपने-अपने साथी को ढूंढते नजर आये. राहगीरों ने बस से सभी को निकाला गया. घायल छह लोगों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक को हजारीबाग और दूसरे को गया जी रेफर दिया गया. बाद में गंभीर रूप से घायल रणधीर कुमार की मौत हो गयी. सोते रह गये यात्री, दुर्घटना में हुए घायल : यात्रा के दौरान दो यात्री को बगरा में उतरना था, लेकिन नींद आने के कारण वह निर्धारित स्थान पर नहीं उतर सके. आगे चलकर बस पलट गयी, जिसमें दोनों घायल हो गये. एक सुजीत कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई. हजारीबाग अस्पताल भेजा गया है. सांसद व पूर्व मंत्री पहुंचे सदर अस्पताल : बस पलटने की सूचना पाकर सांसद कालीचरण सिंह व पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों को देखा. दुघर्टना की जानकारी ली. इस दौरान चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >